देश की तमाम यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) क्रैक करने के लिए आयोजित होने वाली यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा 22 जून से लेकर 30 जून के बीच आयोजित हुई थी। इस परीक्षा में जो कैंडिडेट उपस्थित हुए थे वह इन दिनों प्रोविजनल आंसर की का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनका यह इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से आंसर की और रिस्पॉन्स शीट इसी हफ्ते जारी की जा सकती है।
रिस्पॉन्स शीट और क्वेश्चन पेपर भी होगा जारी
कुल 87 विषयों के लिए आयोजित की गई यूजीसी नेट परीक्षा में शामिल कैंडिडेट आंसर की और रिस्पॉन्स शीट जारी होने के बाद उसे ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाकर डाउनलोड कर पाएंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को अपने एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि की सहायता से लॉग इन करना होगा। उम्मीदवारों को आंसर की और रिस्पॉन्स शीट के अलावा क्वेश्चन पेपर भी मिलेगा जिसकी सहायता से कैंडिडेट अपने रिजल्ट का अनुमान लगा पाएंगे। एजेंसी की ओर से यह जल्द ही जारी किए जाने की उम्मीद है।
आंसर की जारी होते ही ओपन हो जाएगी ऑब्जेक्शन विंडो
यूजीसी नेट जून 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी होने के साथ ही एनटीए ऑब्जेक्शन विंडो भी ओपन कर देगा। आंसर की, रिस्पॉन्स शीट और क्वेश्चन पेपर को वेरिफाई करके अगर आपको किसी प्रश्न पर कोई आपत्ति होती है तो निर्धारित शुक्ल का भुगतान करके आप ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकते हैं। कैंडिडेट्स के ऑब्जेक्शन को NTA का एक्सपर्ट पैनल रिव्यू करेगा और उसके आधार पर एजेंसी फाइनल आंसर की तैयार करेगी। फाइनल आंसर की के आधार पर ही रिजल्ट जारी किया जाएगा। फाइनल आंसर की पर कोई चैलेंज स्वीकार नहीं होगा।
यूजीसी नेट का रिजल्ट कब तक जारी होगा?
यूजीसी नेट का रिजल्ट जारी होने के साथ ही व्यक्तिगत स्कोरकार्ड भी जारी किए जाएंगे जिससे पता चलेगा कि कैंडिडेट ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर एलिजिबिलिटी, या PhD एडमिशन के लिए क्वालिफाई किया है या नहीं? यह उनके परफॉर्मेंस और NTA द्वारा घोषित कैटेगरी-वाइज कट-ऑफ पर निर्भर करेगा। यूजीसी नेट जून 2026 एग्जाम का रिजल्ट जुलाई के आखिरी सप्ताह या फिर अगस्त के पहले सप्ताह में जारी किया जा सकता है। यूजीसी नेट दिसंबर सेशन की परीक्षा का परिणाम 2 फरवरी को जारी हुआ था जबकि यह परीक्षा 31 दिसंबर से 7 जनवरी के बीच आयोजित हुई थी।
