नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर एनटीए की कार्यशैली पर उठे सवालों के बीच इस एजेंसी की एक और परीक्षा विवादों में आ गई है। दरअसल, यह विवाद 22 जून से लेकर 30 जून 2026 के बीच आयोजित हुई यूजीसी नेट परीक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर को लेकर है। सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने आरोप लगाया है कि इस साल की यूजीसी नेट परीक्षा में अंग्रेजी के पेपर में आए 67 सवाल 2024 के प्रश्न पत्र से हूबहू मिलान खाते हैं। यहां तक कि उन सवालों के जो जवाब वाले विकल्प हैं वह तक नहीं बदले गए। विनीत जिंदल ने इसको लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डायरेक्टर जनरल (डीजी) के पास एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
अंग्रेजी के पेपर में दोहराए गए सवाल
विनीत जिंदल ने अपनी शिकायत में इस पूरी घटना का जिक्र किया है। उन्होंने कहा है कि परीक्षा की पारदर्शिता और ईमानदारी पर यह एक दाग है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इस पूरे विवाद की जानकारी दी है। विनीत जिंदल ने अपनी पोस्ट में लिखा है, “आज मैंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डायरेक्टर जनरल के पास एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। मैंने यूजीसी-नेट 2026 की अंग्रेजी परीक्षा में सवालों के इस तरह से दोहराए जाने के मामले में तुरंत और एक स्वतंत्र जांच की मांग की है।”
पेपर II के प्रश्न दोहराए गए
वकील विनीत जिंदल के मुताबिक, UGC NET 2026 के इंग्लिश पेपर में 150 में से 67 सवाल ऐसे थे जो 2024 के पेपर से बिल्कुल मैच करते हैं। इन सवालों के जवाबों का क्रम तक नहीं बदला गया। शिक्षाविदों ने निष्पक्षता और तैयार उम्मीदवारों को होने वाले संभावित फायदे पर चिंता जताई है। कथित तौर पर दोहराए गए सभी सवाल पेपर II में आए, जो परीक्षा का सब्जेक्ट-स्पेसिफिक सेक्शन है। विनीत जिंदल ने अपनी X पोस्ट में अपनी शिकायत की कॉपी शेयर की है।
उम्मीदवार कर रहे यूजीसी नेट आंसर की का इंतजार
यूजीसी नेट एग्जाम को लेकर उठे इस विवाद के बीच परीक्षा में उपस्थित रहने वाले उम्मीदवार आंसर की का इंतजार कर रहे हैं जो कि जल्द ही जारी की जाएगी। यूजीसी नेट की प्रोविजनल आंसर की जुलाई के दूसरे या तीसरे सप्ताह में जारी की जा सकती है। एजेंसी की ओर से आंसर की के साथ-साथ उम्मीदवारों द्वारा परीक्षा के दौरान मार्क की गई उनकी ‘रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स शीट’ और प्रश्न पत्र भी जारी करेगी। इससे छात्र आधिकारिक सही उत्तरों के साथ अपने दिए गए जवाबों का मिलान आसानी से कर सकेंगे।
