यूजीसी नेट जून 2026 सेशन की परीक्षा में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स इन दिनों प्रोविजनल आंसर की का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह इंतजार कभी भी खत्म हो सकता है। 22 जून से 30 जून के बीच आयोजित हुई इस परीक्षा में जो उम्मीदवार उपस्थित हुए थे वह आंसर की जारी होने के बाद उसे आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in से डाउनलोड कर पाएंगे। एनटीए की ओर से आंसर की के साथ-साथ कैंडिडेट की रिस्पॉन्स शीट भी जारी की जाएगी।

300 के करीब शहरों में हुई थी परीक्षा

बता दें कि देश की तमाम यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) क्रैक करने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने इस परीक्षा को 300 के करीब शहरों में आयोजित कराया था। कुल 87 विषयों के लिए आयोजित की गई इस परीक्षा में शामिल कैंडिडेट के लिए आंसर की अलावा रिस्पॉन्स शीट भी जारी की जाएगी। आंसर की और रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि की सहायता से लॉग इन करना होगा।

नीट यूजी री-एग्जाम का रिजल्ट कब होगा जारी? 22 लाख कैंडिडेट्स को इंतजार; यहां देखें संभावित डेट और आगे की प्रक्रिया

ऑब्जेक्शन विंडो भी हो जाएगी ओपन

यूजीसी नेट जून 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी होने के साथ ही एनटीए ऑब्जेक्शन विंडो भी ओपन कर देगा। आंसर की, रिस्पॉन्स शीट और क्वेश्चन पेपर को वेरिफाई करके अगर आपको किसी प्रश्न पर कोई आपत्ति होती है तो निर्धारित शुक्ल का भुगतान करके आप ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकते हैं। कैंडिडेट्स के ऑब्जेक्शन को NTA का एक्सपर्ट पैनल रिव्यू करेगा और उसके आधार पर एजेंसी फाइनल आंसर की तैयार करेगी। फाइनल आंसर की के आधार पर ही रिजल्ट जारी किया जाएगा। फाइनल आंसर की पर कोई चैलेंज स्वीकार नहीं होगा।

यूजीसी नेट का रिजल्ट कब तक जारी होगा?

यूजीसी नेट का रिजल्ट जारी होने के साथ ही व्यक्तिगत स्कोरकार्ड भी जारी किए जाएंगे जिससे पता चलेगा कि कैंडिडेट ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर एलिजिबिलिटी, या PhD एडमिशन के लिए क्वालिफाई किया है या नहीं? यह उनके परफॉर्मेंस और NTA द्वारा घोषित कैटेगरी-वाइज कट-ऑफ पर निर्भर करेगा। यूजीसी नेट जून 2026 एग्जाम का रिजल्ट जुलाई के आखिरी सप्ताह या फिर अगस्त के पहले सप्ताह में जारी किया जा सकता है। यूजीसी नेट दिसंबर सेशन की परीक्षा का परिणाम 2 फरवरी को जारी हुआ था जबकि यह परीक्षा 31 दिसंबर से 7 जनवरी के बीच आयोजित हुई थी।