डॉ. बी.आर. अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ग्रेजुएशन (UG) और पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने इस बार न केवल दाखिला प्रक्रिया शुरू की है, बल्कि अपने अकादमिक पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए कई नए डिग्री प्रोग्राम भी शुरू किए हैं। एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही यूनिवर्सिटी ने इस साल गणित के पाठ्यक्रम को पुनर्गठित कर उसमें डाटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भी शामिल किया गया है।

CUET UG 2026 स्कोर के आधार पर होगा दाखिला

दिल्ली सरकार द्वारा स्थापित अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली में 2026-27 सत्र के लिए कुल 23 स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इन कार्यक्रमों में कुल 1,194 सीटें उपलब्ध हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के दिशा-निर्देशों के अनुसार तीन वर्षीय और चार वर्षीय दोनों प्रकार के स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर किया जाएगा।

उम्मीदवारों को सीयूईटी यूजी प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा और आवेदन जमा करने से पहले संबंधित कार्यक्रम की पात्रता शर्तों की सावधानीपूर्वक जांच करनी होगी।

इसके अलावा छात्रों को आवेदन करने से पहले प्रवेश दिशा-निर्देश, आरक्षण नियम, फीस संरचना और महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय ने कहा है कि उम्मीदवारों को प्रवेश से संबंधित सभी अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।

शुरू किए गए पांच नए स्नातक कार्यक्रम

अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली ने 2026-27 सत्र में अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों का विस्तार करते हुए कम से कम पांच नए स्नातक पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें सबसे प्रमुख है म्यूजियोलॉजी, संस्कृति और विरासत प्रबंधन में बीए, जिसे विश्वविद्यालय स्तर पर भारत के शुरुआती कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने विजुअल आर्ट्स में बीए कार्यक्रम भी शुरू किया है, जिससे कला और सांस्कृतिक अध्ययन के क्षेत्र में छात्रों को नए अवसर मिलेंगे।

गणित पाठ्यक्रम में एआई और डाटा साइंस

विश्वविद्यालय ने अपने गणित पाठ्यक्रम में भी बड़ा बदलाव किया है। पहले संचालित होने वाले बी.ए. (ऑनर्स) गणित कार्यक्रम की जगह अब बीएससी गणित कार्यक्रम शुरू किया गया है।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, इस नए पाठ्यक्रम में डाटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में माइनर विषय शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों को गणितीय ज्ञान के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी और उद्योग आधारित कौशल प्रदान करना है।

शुरू होंगे नए पोस्टग्रेजुएट कोर्स

अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली ने पोस्ट ग्रेजुएट करिकुलम फ्रेमवर्क (PGCF) के तहत अपने स्नातकोत्तर कार्यक्रमों का भी विस्तार किया है। विश्वविद्यालय सात विषयों में एक वर्षीय पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है।

नए शुरू किए गए प्रमुख कार्यक्रमों में क्रिएटिव राइटिंग में MA और परफॉर्मिंग आर्ट्स (थिएटर आर्ट्स) में एमए शामिल हैं। इससे रचनात्मक और प्रदर्शन कलाओं में रुचि रखने वाले छात्रों को नए अवसर प्राप्त होंगे।