NEET Exam News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने केंद्र सरकार की परीक्षा सुधार समिति से नीट और इसी तरह की दूसरी प्रवेश परीक्षाओं को समाप्त करने की सिफारिश करने को कहा है। राज्य सरकार चाहती है कि मेडिकल समेत उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों में दाखिला 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर दिया जाए।
नंदन नीलेकणि की समिति के सामने रखी मांग
4 नवंबर को चेन्नई स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री विजय ने नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाले उच्च स्तरीय परीक्षा सुधार कार्यबल के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान तमिलनाडु सरकार ने नीट के प्रति अपना विरोध दोहराया और मेडिकल व अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऐसी परीक्षाओं को समाप्त करने की सिफारिश की। इस वर्कफोर्स को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) सहित सार्वजनिक परीक्षाओं के आयोजन, सुरक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्था में सुधार के सुझाव देने की जिम्मेदारी दी गई है।
12वीं के अंकों से मेडिकल में दाखिले की वकालत
तमिलनाडु सरकार का कहना है कि मेडिकल में प्रवेश के लिए 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों को आधार बनाया जाना चाहिए। राज्य के मुताबिक, नीट जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए महंगी कोचिंग की जरूरत कई विद्यार्थियों के सामने आर्थिक चुनौती खड़ी करती है।
सरकार का तर्क है कि मौजूदा व्यवस्था में ग्रामीण इलाकों, सरकारी स्कूलों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना जरूरी है। राज्य चाहता है कि विद्यार्थियों के स्कूल के प्रदर्शन को दाखिले में अहमियत मिले।
तमिलनाडु विधानसभा में भी पारित हुआ था प्रस्ताव
तमिलनाडु विधानसभा ने 11 अगस्त 2026 को नीट के विरोध में प्रस्ताव पारित किया था। राज्य सरकार ने नीलेकणि की समिति के सामने इस प्रस्ताव का हवाला देते हुए अपनी मांग दोहराई। तमिलनाडु लंबे समय से मेडिकल प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक ही परीक्षा लागू करने का विरोध करता रहा है।
राज्य में पहले मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए 12वीं के अंकों को आधार बनाया जाता था। सरकार का मानना है कि बोर्ड परीक्षा आधारित व्यवस्था से उन विद्यार्थियों को मदद मिल सकती है, जिनके पास महंगी कोचिंग लेने के संसाधन नहीं हैं।
क्या अब नीट की परीक्षा नहीं होगी?
तमिलनाडु सरकार ने नीट खत्म करने की मांग की है लेकिन केंद्र सरकार ने इस परीक्षा को समाप्त करने का अंतिम फैसला घोषित नहीं किया है। नंदन नीलेकणि के नेतृत्व वाले वर्कफोर्स परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव तैयार कर रहा है।
