जम्मू-कश्मीर सरकार ने क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए जम्मू डिवीजन के समर जोन के स्कूलों के लिए गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। यह फैसला सरकारी और निजी दोनों स्कूलों पर लागू होगा। शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने X पर दी जानकारी
शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने अपने पोस्ट में लिखा, “मौजूदा मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए जम्मू डिवीजन के समर जोन में आने वाले स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं के लिए 1 जून 2026 से और कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए 8 जून 2026 से गर्मी की छुट्टियां शुरू होंगी। सभी छात्रों को सुरक्षित और आनंददायक अवकाश की शुभकामनाएं।”
कब से शुरू होंगी गर्मी की छुट्टियां?
जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, छुट्टियां शुरू होने की तारीखें इस प्रकार हैं।
प्राइमरी कक्षाएं (कक्षा 1 से 5 तक): 1 जून 2026 से छुट्टियां शुरू होंगी
कक्षा 6वीं से 12वीं तक: 8 जून 2026 से छुट्टियां शुरू होंगी
हीटवेव के कारण लिया गया फैसला
पिछले कुछ दिनों से जम्मू क्षेत्र के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जम्मू जिला में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया और सांबा जिला में भी भीषण गर्मी और लू का असर देखा गया। तेज गर्मी के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है और स्कूलों में पढ़ाई कर रहे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई थी।
छात्रों और अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
सरकार ने छुट्टियों के दौरान छात्रों और अभिभावकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने कहा है कि, दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। बच्चों को धूप में अधिक देर तक न रहने दें और हीटवेव से बचाव के लिए जरूरी एहतियात अपनाएं।
