कहते हैं कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जुनून हो, तो मुश्किलें भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। तेलंगाना की डॉ. कोय्याला रूथ जॉन पॉल की कहानी इसी हौसले की मिसाल है। बचपन में सर से पिता का साया उठ गया और मां दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार चलाती थीं। पढ़ाई के दौरान अपनी लैंगिक पहचान जाहिर करने पर उन्हें परिवार के विरोध का सामना करना पड़ा। मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद भी उनकी राह आसान नहीं हुई और कई अस्पतालों में नौकरी पाने के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ा लेकिन उन्होंने अपने सपने से समझौता नहीं किया।
आज डॉ. रूथ ने हैदराबाद के ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से इमरजेंसी मेडिसिन में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल कर ली है। उनकी यह उपलब्धि सिर्फ एक डिग्री पाने की कहानी नहीं, बल्कि मुश्किल हालात के सामने हार न मानने और अपने दम पर आगे बढ़ने के जज्बे की कहानी है।
बचपन में पिता को खोया, मां ने मजदूरी करके पढ़ाया
डॉ. रूथ जॉन पॉल तेलंगाना के खम्मम जिले की रहने वाली हैं। उनका बचपन आर्थिक चुनौतियों के बीच गुजरा। जब वह छोटी थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद उनकी मां ने दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार की जिम्मेदारी संभाली।
परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन रूथ ने पढ़ाई को अपनी ताकत बनाया। वह स्कूल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रहीं। 12वीं तक उन्होंने हर कक्षा में बेहतरीन अंक हासिल किए। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए मुफ्त दाखिला और मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग मिली।
रूथ ने इस अवसर का पूरा फायदा उठाया और मेडिकल कॉलेज में दाखिला हासिल कर लिया। आर्थिक परेशानियां उनके रास्ते में थीं, लेकिन पढ़ाई के प्रति उनकी लगन ने उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया।
पहचान बताई तो,परिवार ने कर दिया किनारा
मेडिकल की पढ़ाई के दौरान रूथ के जीवन में एक और बड़ी चुनौती आई। जब वह करीब 20 साल की थीं और एमबीबीएस के तीसरे वर्ष में पढ़ रही थीं, तब उन्होंने अपनी ट्रांसजेंडर पहचान के बारे में परिवार को बताया और इसके बाद उन्हें परिवार के विरोध का सामना करना पड़ा।
परिवार ने उन्हें स्वीकार नहीं किया और घर आने से भी मना कर दिया। जिस उम्र में किसी विद्यार्थी को परिवार के सहयोग और भावनात्मक सहारे की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उस समय रूथ को अपने भविष्य की लड़ाई खुद लड़नी पड़ी।
लेकिन उन्होंने परिस्थितियों को अपनी मंजिल के बीच नहीं आने दिया। मेडिकल की पढ़ाई जारी रखी और MBBS की डिग्री पूरी की। उनके लिए डॉक्टर बनना केवल करियर का लक्ष्य नहीं था, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने और समाज में अपनी पहचान बनाने का रास्ता भी था।
MBBS के बाद भी जारी रहा संघर्ष
आमतौर पर मेडिकल की डिग्री हासिल करने के बाद डॉक्टर अस्पतालों में नौकरी और आगे की पढ़ाई की तैयारी करते हैं लेकिन रूथ के लिए यह पड़ाव भी आसान नहीं रहा। एमबीबीएस पूरा करने के बाद उन्हें कई अस्पतालों में नौकरी पाने में परेशानी हुई। उनका कहना था कि ट्रांसजेंडर होने की वजह से उन्हें अवसर नहीं दिए गए।
इसके बावजूद उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र छोड़ने का फैसला नहीं किया और उन्होंने एक गैर-सरकारी संगठन की ओर से संचालित क्लिनिक में काम किया। बाद में वर्ष 2022 में उन्हें हैदराबाद के सरकारी उस्मानिया जनरल अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के रूप में काम करने का अवसर मिला।
यह नौकरी उनके लिए अपने हुनर को साबित करने का एक बड़ा मौका थी। रूथ ने अपने काम और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने की कोशिश जारी रखी क्योंकि उन्होंने तय कर लिया था कि दूसरों के भेदभाव के कारण वह अपना सपना अधूरा नहीं छोड़ेंगी।
दाखिले की राह में आई कानूनी अड़चन
एमबीबीएस के बाद रूथ आगे विशेषज्ञ डॉक्टर बनने के लिए पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स करना चाहती थीं। लेकिन दाखिले की प्रक्रिया में ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को किस तरह शामिल किया जाए, इस बारे में किसी क्लियर प्रोसिजर का अभाव उनके लिए बड़ी बाधा बन गया।
रूथ ने इस स्थिति के सामने हार मानने के बजाय कानूनी रास्ता अपनाया और तेलंगाना हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्हें अदालत से अनुकूल आदेश मिला, जिसके बाद उनके लिए पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा में प्रवेश का रास्ता खुल सका।
यह लड़ाई केवल एक सीट पाने तक सीमित नहीं थी क्योंकि रूथ अपनी पहचान के साथ सम्मानपूर्वक पढ़ाई करने का अवसर चाहती थीं। उन्होंने अपनी पहचान और अधिकारों के सवाल पर समझौता नहीं किया और आगे बढ़ने के लिए संघर्ष जारी रखा।
हासिल की इमरजेंसी मेडिसिन में पीजी डिग्री
लंबे संघर्ष के बाद डॉ. रूथ जॉन पॉल ने हैदराबाद के ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से इमरजेंसी मेडिसिन में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री हासिल कर ली है। उनकी एमडी परीक्षा का परिणाम अक्टूबर 2026 में घोषित हुआ।
उनकी उपलब्धि उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो आर्थिक तंगी, परिवार के विरोध या सामाजिक भेदभाव के कारण अपने सपनों को छोड़ने के बारे में सोचने लगते हैं। रूथ की यात्रा बताती है कि सफलता के लिए प्रतिभा और मेहनत के साथ-साथ मुश्किल समय में टिके रहने का साहस भी जरूरी है।
उन्होंने समाज से अपील की है कि ट्रांसजेंडर लोगों के साथ दुर्व्यवहार और भेदभाव न किया जाए। उन्हें भी अपनी योग्यता साबित करने के लिए समान अवसर मिलने चाहिए। उनका मानना है कि मेहनत करने वाले लोगों को अवसर मिलें, तो वे अपनी काबिलियत से आगे बढ़ सकते हैं।
मुश्किलें आएं तो सपने देखना न छोड़ें
डॉ. रूथ की कहानी सबसे बड़ा संदेश यही देती है कि, परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने बचपन में आर्थिक मुश्किलें देखीं, परिवार का साथ खोया, नौकरी के लिए संघर्ष किया और उच्च शिक्षा के रास्ते में कानूनी अड़चनों का सामना किया। इसके बावजूद उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना नहीं छोड़ा।
उनका सफर बताता है कि, प्रतिभा किसी की लैंगिक पहचान से तय नहीं होती बल्कि हर व्यक्ति को शिक्षा, रोजगार और सम्मान के समान अवसर मिलने चाहिए। जब समाज किसी इंसान के रास्ते में दीवारें खड़ी करता है, तब उन दीवारों को पार करने का साहस उसकी सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।
