कर्मचारी चयन आयोग (SSC)ने एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा 2026 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने 28 मई 2026 को होने वाली परीक्षा को अब 27 मई 2026 को आयोजित करने का फैसला लिया है। यह बदलाव बकरीद की सरकारी छुट्टी की तारीख में संशोधन के बाद किया गया है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, यह बदलाव CAPFs, SSF और Assam Rifles में Rifleman (GD) भर्ती परीक्षा के उम्मीदवारों पर लागू होगा।

क्यों बदली गई परीक्षा की तारीख?

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने बकरीद की सरकारी छुट्टी की तारीख में बदलाव करते हुए नया ऑफिस मेमोरेंडम जारी किया था। इसके बाद आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया है। अब जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 28 मई को निर्धारित थी, उनकी परीक्षा 27 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।

नए एडमिट कार्ड जल्द होंगे जारी

एसएससी संशोधित परीक्षा तिथि के लिए नए एडमिट कार्ड परीक्षा से 2 से 3 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा, जिसे उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।

SSC GD परीक्षा 2026 कब तक चलेगी?

एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा 2026 की शुरुआत 27 अप्रैल 2026 से हुई थी और यह परीक्षा 30 मई 2026 तक चलेगी।

एसएससी ने जारी की चेतावनी

कर्मचारी चयन आयोग ने अभ्यर्थियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए किसी भी अनौपचारिक सोशल मीडिया पोस्ट, फॉरवर्ड मैसेज या थर्ड पार्टी वेबसाइट पर भरोसा न करें। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी केवल SSC की ऑफिशियल वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी।