आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। इसलिए इस क्षेत्र में प्रबंधन के लिए लोगों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब, लिंक्डइन और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर जिस तेजी से उपयोगकर्ताओं की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में सोशल मीडिया प्रबंधकों की मांग भी बढ़ना स्वाभाविक है। आज बड़ी-बड़ी कंपनियों, मीडिया संस्थानों, सरकारी संगठनों, स्टार्टअप और व्यक्तिगत ब्रांडों को सोशल मीडिया विशेषज्ञों की आवश्यकता पड़ रही है। इसी वजह से इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की नौकरी उनके काम के प्रकार और अनुभव पर निर्भर करती है। कोई कंटेंट तैयार करने में अच्छा होता है तो किसी की रुचि डेटा और विश्लेषण में होती है। कुछ लोगों की रुचि डिजिटल प्लेटफॉर्म में होती है तो किसी की विज्ञापन के क्षेत्र में। इसी वजह से काम और रुचि के अनुसार सोशल मीडिया प्रबंधन से जुड़े कार्यों को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटा गया है।
एक सोशल मीडिया प्रबंधक बनने के लिए 12वीं तक की पढ़ाई पर्याप्त मानी जा सकती है, लेकिन यदि कोई छात्र इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहता है तो उसके लिए व्यावहारिक ज्ञान होना जरूरी है। इस क्षेत्र में काम करने वालों के लिए लेखन कौशल, ग्राफिक डिजाइन, वीडियो एडिटिंग, फोटोग्राफी और SEO की आधारभूत समझ उपयोगी होती है।
मुख्य कार्य
सोशल मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सोशल मीडिया रणनीति तैयार करना, पोस्ट, वीडियो, रील और अन्य कंटेंट की योजना बनाना तथा इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब, लिंक्डइन और एक्स जैसे सोशल मीडिया अकाउंट को मैनेज करना प्रमुख कार्य हैं। इसके अलावा दर्शकों की सहभागिता बढ़ाना, उनसे प्राप्त फीडबैक और संदेशों को संभालना, सोशल मीडिया के आंकड़ों और विश्लेषण के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन करना, ब्रांड की छवि और ऑनलाइन प्रतिष्ठा को मजबूत करना तथा ट्रेंडिंग विषयों और हैशटैग का अध्ययन करना भी इस काम का हिस्सा है।
कौन-सी पढ़ाई करें?
सोशल मीडिया प्रबंधन ऐसा क्षेत्र है जिसमें व्यक्ति अपनी रुचि और व्यावहारिक कौशल के आधार पर आगे बढ़ सकता है। हालांकि, यदि कोई इस क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करना चाहता है तो पत्रकारिता एवं जनसंचार, विज्ञापन एवं जनसंपर्क, डिजिटल मार्केटिंग, प्रबंधन और संचार जैसे विषयों से जुड़े पाठ्यक्रम इसमें मददगार हो सकते हैं।
प्रमुख करियर
सोशल मीडिया प्रबंधक: इसका मुख्य कार्य किसी कंपनी अथवा मीडिया संस्थान की सोशल मीडिया गतिविधियों का समूचा संचालन करना होता है।
सोशल मीडिया एग्जीक्यूटिव: इनका कार्य सोशल मीडिया पर पोस्ट होने वाली सामग्री की निगरानी करना, दर्शकों की सहभागिता बढ़ाना और कंटेंट की रणनीति तैयार करना आदि होता है।
सोशल मीडिया विश्लेषक: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट होने वाली पोस्ट, फोटो, वीडियो और रील आदि का विश्लेषण करना सोशल मीडिया विश्लेषक का प्रमुख काम होता है। वे समय-समय पर यह भी पता लगाते हैं कि दर्शकों की रुचि किस क्षेत्र या उत्पाद में अधिक है।
इसके अलावा सोशल मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में कंटेंट निर्माता, कंटेंट रणनीतिकार, डिजिटल मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग मैनेजर और ब्रांड कम्युनिकेशन मैनेजर जैसे कई अन्य करियर विकल्प भी मौजूद हैं। इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की नौकरी उनके काम के प्रकार, कौशल और अनुभव के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
