वेस्ट एशिया में इस वक्त तनाव के हालात हैं और पूरी दुनिया पर इसका असर पड़ना लाजमी है। ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बीच भारत में भी LoC पर तनावपूर्ण स्थिति है। दरअसल, LoC पर पाकिस्तान ड्रोन की गतिविधियों के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर कश्मीर डिवीजन में आठवीं तक के सभी स्कूलों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। कश्मीर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 2 और 3 मार्च को आठवीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।

पाकिस्तानी ड्रोन से हुई घुसपैठ की कोशिश

पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव के बीच लाइन ऑफ़ कंट्रोल पर पाकिस्तानी ड्रोन से घुसपैठ की कई कोशिशों के बाद स्कूलों को बंद करने का फैसला किया गया है। कश्मीर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने एक आदेश जारी कर क्लास 8वीं तक के स्कूलों को फिर से खोलने पर रोक लगा दी है। सभी स्कूल सर्दियों की छुट्टी के बाद फिर से खुलने वाले थे, लेकिन अभी सुरक्षा कारणों की वजह से स्कूल अगले दो दिन के लिए बंद रहेंगे।

पुंछ इलाके में हुई थी घुसपैठ की कोशिश

कश्मीर स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, “छात्रों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यह आदेश दिया जाता है कि कश्मीर डिवीजन के सभी सरकारी और प्राइवेट मान्यता प्राप्त स्कूल 2 और 3 मार्च, 2026 को बंद रहेंगे।” यह आदेश उस घटना के बाद लिया गया है जब रविवार को भारतीय सेना ने पुंछ इलाके में LoC पर दो से तीन छोटे क्वाडकॉप्टरों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था। सेना की जवाबी कार्रवाई ने क्वाडकॉप्टरों को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया था।

वेस्ट एशिया में छिड़ा संग्राम

बता दें कि इस वक्त पश्चिमी एशिया में युद्ध के हालात बन चुके हैं। इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया जिसमें ईरान के राष्ट्रपति अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्य मारे गए। ईरान की ओर से भी अब इसका जवाब दिया जा रहा है। मिडिल ईस्ट के कई देशों में बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान ने हमले किए हैं। ईरान ने दुबई, दोहा, बहरीन और कुवैत पर हवाई हमले किए। इन हमलों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को टारगेट किया गया।