हिंदी के कई शब्द ऐसे हैं, जो सामान्य बोलचाल में कम सुनाई देते हैं, लेकिन लिखित भाषा, खासतौर पर पत्रकारिता को गहराई और शुद्धता देते हैं। ऐसा ही एक शब्द सम्प्रति है। सम्प्रति का प्रयोग वर्तमान स्थिति को व्यक्त करने के लिए किया जाता है। सम्प्रति का अर्थ- इस समय, वर्तमान में या अभी होता है। ‘सम्प्रति’ एक अव्यय है। यह शब्द संस्कृत मूल का है। हिंदी में सम्प्रति का प्रयोग अविकारी रूप में किया जाता है। यही नहीं हिंदी के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं में भी मिलता है। पत्रकारिता में बात करें तो संपादकीय, खबरों और लेखों में ‘सम्प्रति’ का प्रयोग भाषा को अनावश्यक अंग्रेजी से बचाता है।

सही हिंदी: जानिए ‘सरोवर’ शब्द का अर्थ, सही प्रयोग और उदाहरण

जनसत्ता.कॉम की ‘सही हिंदी’ मुहिम का उद्देश्य हिंदी भाषा की शुद्धता, सुंदरता और व्याकरणिक समझ को आम पाठकों तक सरल रूप में पहुंचाना है। सही शब्दों का चयन ही भाषा को सशक्त बनाता है। ऐसे ही शब्दों का अपनाकर हम अपनी हिंदी को और समृद्ध बना सकते हैं। आज की कड़ी का शब्द ‘सम्प्रति’ है।

सही हिंदी: जानिए ‘सर्वेश्वर’ शब्द का अर्थ, सही प्रयोग, संधि विच्छेद और उदाहरण

सम्प्रति के स्थान पर अक्सर ‘वर्तमान में’ या ‘फिलहाल’ का प्रयोग किया जाता है, लेकिन ‘सम्प्रति’ न सिर्फ अर्थ को संक्षेप रखता है, बल्कि भाषा को अधिक औपचारिक और संतुलित भी बनाता है। ‘सम्प्रति’ का प्रयोग सिर्फ समय के संदर्भ में किया जाता है, व्यक्ति या वस्तु के गुण के लिए नहीं।

सही हिंदी: जानिए ‘जघन्य’ शब्द का अर्थ, सही प्रयोग, संधि विच्छेद और उदाहरण

अव्यय है सम्प्रति

‘सम्प्रति’ एक अव्यय (कालवाचक क्रियाविशेषण अव्यय) है। अव्यय वे शब्द होते हैं, जिनमें लिंग, वचन, कारक या काल के कारण कोई परिवर्तन नहीं होता है। अर्थात अव्यय हर परिस्थिति में अपरिवर्तित रहते हैं। वाक्य में कर्ता या कर्म बदलने पर भी इन शब्दों का रूप नहीं बदलता। उदाहरण के लिए- वह तेज दौड़ता है। वह तेज दौड़ती है। दोनों शब्दों में लिंग बदल गया, लेकिन ‘तेज’ अपरिवर्तित रहा।

सही हिंदी: जानिए ‘विसर्जन’ शब्द का अर्थ, सही प्रयोग, व्युत्पत्ति और उदाहरण

उदाहरण

  • ‘सम्प्रति’ का प्रयोग अधिकतर समसामयिक या तत्काल स्थिति बताने के लिए किया जाता है। नीचे उदाहरण दिए गए हैं।
  • सम्प्रति देश की अर्थव्यवस्था कई चुनौतियों का सामना कर रही है।
  • सम्प्रति देश में मुद्रास्फीति की दर बहुत उच्च बनी हुई है।
  • वह सम्प्रति दिल्ली में रहकर अध्ययन कर रहा है।
  • सम्प्रति इस शहर में बसों की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
  • सम्प्रति परिस्थितियां बताती हैं कि जीवन में बदलाव आवश्यक है।

सही हिंदी: जानिए ‘जीर्ण-शीर्ण’ शब्द का अर्थ, सही प्रयोग, व्युत्पत्ति और उदाहरण

सही प्रयोग क्यों जरूरी

‘सम्प्रति’ जैसे शब्द लेखन को न केवल संक्षिप्त बनाते हैं, बल्कि भाषा को अनावश्यक विदेशी शब्दों से भी बचाते हैं। पत्रकारिता और औपचारिक लेखन में इसका सटीक प्रयोग भाषा की गरिमा को बढ़ाता है।

सही हिंदी: जानिए ‘लास’ शब्द का अर्थ, सही प्रयोग, व्युत्पत्ति और उदाहरण