कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो गरीबी और अभाव भी सफलता की राह नहीं रोक सकते और बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रतनौली गांव के रहने वाले आदित्य ने इस कहावत को सच साबित कर दिया है। रिक्शा चालक के परिवार से आने वाले आदित्य ने नीट यूजी 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 946 और कैटेगरी रैंक 295 हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया बल्कि वह अपने गांव से नीट परीक्षा पास करने वाले पहले छात्र बन गए हैं।

रिक्शा चालक के परिवार से निकलकर बनाई नई पहचान

आदित्य के दादा सौखी साहनी कभी रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे लेकिन आज उनके पोते की सफलता पूरे इलाके के लिए गर्व का विषय बन गई है। वहीं आदित्य के पिता हरेंद्र साहनी एक निजी नौकरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। इसके बावजूद सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।

गांव के सरकारी स्कूल से शुरू हुआ सफर

आदित्य ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव से ही की और बिहार बोर्ड से मैट्रिक पास करने के बाद उन्होंने आरडीएस कॉलेज से इंटरमीडिएट में 87 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने लगातार मेहनत और अनुशासित तैयारी के दम पर देश की सबसे कठिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 में शानदार सफलता हासिल की।

दादा बोले- पूरे गांव का बढ़ाया सम्मान

आदित्य के दादा सौखी साहनी ने कहा कि पोते की सफलता केवल परिवार की नहीं बल्कि पूरे गांव की उपलब्धि है। दादा के मुताबिक आदित्य की इस सफलता ने गांव के अन्य बच्चों में भी डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना जगाया है। परिवार का कहना है कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि लगातार मेहनत का परिणाम जरूर मिलेगा।

संघर्ष की कहानी बनी प्रेरणा

आर्थिक चुनौतियों के बावजूद आदित्य ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया और सीमित संसाधनों में बेहतर प्रदर्शन कर दिखाया कि सफलता पैसे से नहीं बल्कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलती है। आज उनकी कहानी हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।

मुजफ्फरपुर के इन छात्रों ने भी किया शानदार प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर जिले के कई अन्य छात्रों ने भी NEET UG 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है, जो इस प्रकार है।

बिना कोचिंग भी मिली बड़ी सफलता

मुजफ्फरपुर के बिसुनपुर पट्टी गांव के दिव्य चेतन ने बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन संसाधनों की मदद से 633 अंक, AIR 3135 और EWS Rank 284 हासिल की। वहीं आर्य प्रकाश ने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पहले ही प्रयास में 646 अंक और AIR 1701 प्राप्त की।

बिहार का शानदार प्रदर्शन

इस वर्ष नीट यूजी 2026 की राष्ट्रीय मेरिट सूची में भी बिहार के छात्रों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। राज्य के आयुष भालोटिया (AIR 4), रिया रंजन (AIR 6), रवि कांत दिवाकर (AIR 55) और आदित्य कुमार (AIR 73) ने टॉप-100 में जगह बनाकर बिहार का गौरव बढ़ाया।