राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट) 2026 के रिजल्ट का इंतजार लाखों उम्मीदवारों को है। उम्मीदवारों में रिजल्ट को लेकर भ्रम की स्थिति है क्योंकि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) के अध्यक्ष आलोक राज ने 27 मई 2026, बुधवार को रिजल्ट जारी किए जाने की घोषणा कर दी थी, लेकिन उनके ट्वीट के 4 घंटे बाद तक भी आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर रिजल्ट उपलब्ध नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर उम्मीदवारों की नाराजगी देखने को मिल रही है। बता दें कि रीट मेन्स परीक्षा 17 जनवरी से लेकर 21 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 9.50 से अधिक उम्मीदवार उपस्थित हुए थे।
रिजल्ट कहां करें चेक?
रीट मेन्स परीक्षा में उपस्थित होने वाले कैंडिडेट्स रिजल्ट जारी होने के बाद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर अपना रिजल्ट चेक कर पाएंगे। रिजल्ट चेक करने के लिए उम्मीदवारों को अपने रोल नंबर का इस्तेमाल करना होगा। राजस्थान स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड (RSSB) जल्द ही लेवल 1 और लेवल 2 दोनों कैंडिडेट्स के लिए REET मेन्स रिजल्ट 2026 जारी करेगा।
7 हजार से अधिक वैकेंसी के लिए आयोजित हुई परीक्षा
रीट मेन्स परीक्षा के जरिए राजस्थान के सरकारी स्कूलों में 7,759 टीचर वैकेंसी को भरने के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। वैकेंसी में लेवल 1 के तहत प्राइमरी टीचर्स और लेवल 2 के तहत अपर प्राइमरी टीचर्स के पद शामिल हैं। जो कैंडिडेट्स भर्ती प्रक्रिया के अगले स्टेज के लिए क्वालिफाई करेंगे, वे REET रिजल्ट PDF में अपने नाम और रोल नंबर देख पाएंगे।
आयोग के अध्यक्ष ने रिजल्ट को लेकर किया भ्रमित?
रीट मेन्स रिजल्ट 2026 को लेकर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने कहा कि आज हुई बोर्ड मीटिंग में बोर्ड ने L1 संस्कृत, L2 संस्कृत और L2 साइंस के प्री डीवी रिजल्ट का अनुमोदन किया। सभी सफल हुए कैंडिडेट्स को बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएं! उनके इसी ट्वीट से उम्मीदवारों में भ्रम की स्थिति है क्योंकि रिजल्ट (खबर लिखे जाने तक) आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नहीं हुआ है।
