राजस्थान के जयपुर में शनिवार को एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने से कंप्यूटर बंद होने के कारण 49 परीक्षार्थी ‘आयुष पीजी’ प्रवेश परीक्षा पूरी नहीं कर सके। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इन परीक्षार्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की।
यह घटना जयपुर के सत्य साईं पीजी कॉलेज में हुई, जहां एनटीए की ओर से आयोजित अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) कंप्यूटर आधारित तरीके से कराई जा रही थी। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कंप्यूटर बंद हो गए और 192 में से 49 परीक्षार्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए।
अब एक सितंबर को होगा एग्जाम
एनटीए ने बताया कि परीक्षा पूरी नहीं कर सके उम्मीदवारों के लिए एक सितंबर को राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन में दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने परीक्षा केंद्र पर परीक्षा करवा रही कंपनी ‘एडुक्यूटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड’ को बिजली कटौती के लिए जिम्मेदार ठहराया।
एजेंसी ने कंपनी को ”केंद्र पर परीक्षा कराने में हुई गड़बड़ियों” के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया। एजेंसी ने कहा कि नोटिस में उठाए गए मुद्दों का समाधान होने तक एनटीए के साथ एडुक्यूटी की सेवाओं पर रोक रहेगी।
उम्मीदवारों ने किया विरोध प्रदर्शन
परीक्षार्थियों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में सुबह 10 बजे शुरू हुई दो घंटे की परीक्षा के कुछ देर बाद करीब 20 मिनट के लिए बिजली चली गई। परीक्षा निरीक्षक ने परीक्षार्थियों को बताया कि ‘शॉर्ट सर्किट’ के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और जल्द ही इसे बहाल कर दिया जाएगा। हालांकि, काफी देर तक बिजली नहीं आने पर कई परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आ गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।
कुछ उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती के दौरान कई परीक्षार्थी आपस में बातचीत कर रहे थे और कथित रूप से नकल कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि यह सब केंद्र पर्यवेक्षक की मौजूदगी में हुआ। एक परीक्षार्थी ने कहा, ”कई बार बिजली गई और कोई बैकअप व्यवस्था नहीं थी। इस दौरान कुछ उम्मीदवार बातचीत करने लगे और कुछ बाहर आ गए। मुझसे कहा गया कि कंप्यूटर के सामने बैठा रहूं, भले ही वह काम नहीं कर रहा था। जब कंप्यूटर ही काम नहीं कर रहा था तो मैं कैसे बैठ सकता था।’
बैकअप व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जा सकी
केंद्र पर्यवेक्षक ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण तकनीकी खराबी आई और बैकअप व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एनटीए को रिपोर्ट भेजी जा रही है। एनटीए ने बताया कि शनिवार को एआईएपीजीईटी परीक्षा की पहली पारी में 36,979 पंजीकृत उम्मीदवारों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर 35,837 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
एजेंसी ने बताया, ”35,788 परीक्षार्थियों की परीक्षा पूरी हो गई है। हालांकि, जयपुर के सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर 192 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 49 परीक्षार्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके।” एनटीए, आयुष एवं होम्योपैथी की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में स्नातकोत्तर एमडी, एमएस और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए यह परीक्षा आयोजित करती है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में शिक्षा व्यवस्था की खुली पोल, बिना बिल्डिंग के चल रहे 611 स्कूल
राजधानी जयपुर में ही 38 स्कूल बिना किसी बिल्डिंग के चल रहे हैं। पूरे राजस्थान में 611 स्कूल भवनहीन हैं। पूरी खबर पढ़नेे के लिए क्लिक करें।
