नीट यूजी पेपर लीक के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यशैली पर उठे सवालों के बीच 01 जुलाई 2026 को शिक्षा, महिला, बच्चे, युवा और खेल संबंधी पार्लियामेंट्री स्टैंडिंग कमिटी एक हाई लेवल मीटिंग करेगी। इस मीटिंग में शिक्षा मंत्रालय और एनटीए के टॉप अधिकारी शामिल होंगे। मीटिंग में शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी और एनटीए के सदस्य कमिटी के सामने नीट यूजी री-एग्जाम और देश के एंट्रेंस एग्जाम सिस्टम में प्रस्तावित सुधारों को लेकर जानकारी देंगे।

मुकुल वासनिक की अध्यक्षता में होगी बैठक

इस मीटिंग की अध्यक्षता स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन मुकुल वासनिक करेंगे जिन्हें इस महीने की शुरुआत में दिग्विजय सिंह के हटने के बाद चेयरमैन बनाया गया था। उनकी लीडरशिप में यह पहली मीटिंग होगी। इस मीटिंग में एनटीए की ओर से इसरो के पूर्व चेयरमैन के राधाकृष्णन प्रस्तावित सुधारों की जानकारी कमिटी को देंगे। के राधाकृष्णन NTA सुधारों की देखरेख करने वाली हाई-पावर्ड कमिटी के हेड हैं।

नीट यूजी री एग्जाम का रिजल्ट कब होगा जारी? जानें क्या कहता है पिछला ट्रेंड

नीट यूजी री एग्जाम का होगा रिव्यू

इस मीटिंग में के राधाकृष्णन से नीट यूजी 2024 के बाद सुझाए गए सुधारों की स्थिति बताने और नेशनल एंट्रेंस एग्जाम सिस्टम की सुरक्षा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को बेहतर बनाए जाने के उपायों की जानकारी दी जा सकती है। इस बैठक में NTA के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह 21 जून को हुए नीट यूजी री एग्जाम नतीजे और उससे मिली सीख की जानकारी भी पेश करेंगे। इस बैठक में हायर एजुकेशन सेक्रेटरी विनीत जोशी को भी शामिल होने के लिए कहा गया है। उम्मीद है कि कमेटी यह देखेगी कि री-एग्जाम कैसे किया गया और क्या भविष्य के नेशनल लेवल के टेस्ट से पहले और सुरक्षा उपायों की जरूरत है?

कई सिफारिशों को मिल सकती है सैद्धांतिक मंजूरी

मई में इसी पार्लियामेंट्री पैनल ने राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशों को लागू करने का रिव्यू किया था और कथित NEET पेपर लीक की जांच पर अपडेट मांगा था। उस समय कमेटी ने सुधारों की रफ़्तार पर भी चिंताओं की जांच की थी, क्योंकि कई सिफारिशें सैद्धांतिक रूप से स्वीकार किए जाने के बावजूद पेंडिंग रह गई थीं।

इन सुधारों पर जारी हो सकते हैं निर्देश

बता दें कि यह मीटिंग नीट पेपर लीक के बाद दोबारा आयोजित की गई परीक्षा के बाद हो रही है। ऐसे में इस बैठक में एनटीए से री एग्जाम की तैयारियों के बारे में पूछा जा सकता है। साथ ही पेपर लीक मामले में चल रही जांच के बारे में भी मीटिंग में चर्चा हो सकती है।

इसके अलावा इस बैठक में देश के अंदर एनटीए के द्वारा कराए जाने वाले एंट्रेंस एग्जाम को लेकर कुछ बड़े फैसले भी लिए जा सकते हैं। इसी कमेटी ने एनटीए को निर्देश दिया था कि उम्मीदवारों से शुल्क के रूप में लिए जाने वाले पैसे का बड़ा हिस्सा उसी पेपर की सुरक्षा पर खर्च किया जाए। ऐसे में इस मीटिंग में इसको लेकर कुछ चर्चा हो सकती है और कोई निर्देश एनटीए को दिया जा सकता है।

साथ ही मीटिंग में उम्मीदवारों के सेंटर पर किसी कारणवश या मजबूरी में थोड़ा लेट पहुंचने के बाद उन्हें पेपर देने से रोक दिए जाने वाले मुद्दे पर भी बात हो सकती है। नीट यूजी री एग्जाम में ऐसे कई मामले सामने आए थे जहां सेंटर पर किसी मजबूरी की वजह से देर से पहुंचे उम्मीदवारों को पेपर देने से रोक दिया था। एनटीए के पास इसको लेकर काफी शिकायतें पहुंची थीं।