Pariksha Pe Charcha 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज परीक्षा पे चर्चा 2026 के दूसरे एपिसोड में देशभर के छात्रों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से निपटने, आत्मविश्वास बनाए रखने और पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि उत्सव की तरह लेने की सीख दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा जीवन का अंत नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया का एक हिस्सा है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे खुद की तुलना दूसरों से न करें और अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें। पीएम मोदी ने यह भी स्पष्ट किया कि दबाव में पढ़ाई करने से परिणाम बेहतर नहीं होते, बल्कि संतुलित दिनचर्या और सकारात्मक सोच ज्यादा जरूरी है।
परीक्षा को ‘उत्सव’ की तरह लेने पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा का उद्देश्य परीक्षा को डर का कारण नहीं, बल्कि एक अवसर के रूप में देखना है। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से आग्रह किया कि वे मिलकर ऐसा माहौल बनाएं, जहां बच्चों को खुलकर सीखने और आगे बढ़ने का मौका मिले।
पढ़ाई के साथ स्किल डेवलपमेंट जरूरी
प्रधानमंत्री ने छात्रों को यह संदेश दिया कि केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, रचनात्मकता और व्यवहारिक सीख भी उतनी ही अहम है। उन्होंने तकनीक के जिम्मेदार इस्तेमाल और डिजिटल डिस्ट्रैक्शन से बचने पर भी जोर दिया।
कहां और कैसे देख सकते हैं Pariksha Pe Charcha 2026
परीक्षा पे चर्चा 2026 का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के DD National, DD News और DD India चैनलों पर किया गया। इसके अलावा, यह कार्यक्रम ऑल इंडिया रेडियो और कई निजी टीवी चैनलों पर भी लाइव दिखाया गया।
डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की बात करें तो इसे PMO, शिक्षा मंत्रालय, Doordarshan और MyGov.in के आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ YouTube (MoE), Facebook Live और Swayam Prabha चैनलों पर भी लाइव स्ट्रीम किया गया।
पहले एपिसोड में क्या बोले थे पीएम मोदी
6 फरवरी को प्रसारित पहले एपिसोड में प्रधानमंत्री ने छात्रों के सवालों के जवाब देते हुए कहा था कि सही रणनीति, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी सफलता की कुंजी है। उन्होंने रचनात्मक सोच, नई स्किल सीखने और लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने पर भी बल दिया था।
रिकॉर्ड भागीदारी के साथ PPC 2026
इस साल परीक्षा पे चर्चा 2026 ने नया रिकॉर्ड बनाया है। कार्यक्रम के लिए 4.5 करोड़ से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि 2.26 करोड़ से ज्यादा प्रतिभागियों ने इससे जुड़ी अन्य गतिविधियों में हिस्सा लिया। कुल मिलाकर 6.76 करोड़ से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज की गई है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: स्कूलों में लाइव टेलीकास्ट, छात्रों में उत्साह
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में स्कूलों के छात्रों ने परीक्षा पे चर्चा 2026 का लाइव टेलीकास्ट देखा। छात्रों ने कहा कि परीक्षा के समय तनाव बढ़ जाता है, लेकिन पीएम मोदी की बातें उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं। कार्यक्रम से उन्हें तनाव से निपटने और आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीके समझ में आए।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: सही करियर कैसे चुनें
करियर को लेकर असमंजस पर पीएम मोदी ने कहा कि कई विकल्पों से प्रभावित होना स्वाभाविक है। उन्होंने छात्रों से कहा कि सिर्फ सफलता देखकर प्रभावित न हों, बल्कि महान लोगों की साधारण शुरुआत से सीखें। पीएम मोदी ने कहा कि अगर हर महीने माता-पिता को अलग-अलग लक्ष्य बताए जाएंगे, तो उन्हें लगेगा कि दिशा स्पष्ट नहीं है, इसलिए सोच-समझकर रास्ता चुनना जरूरी है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: सच्चा लीडर कौन होता है?
पीएम मोदी ने कहा कि लीडर बनने का मतलब चुनाव लड़ना या पार्टी बनाना नहीं होता। असली नेतृत्व दूसरों को समझने और उन्हें समझाने की क्षमता में होता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पहले दूसरों को समझता है, वही उन्हें सही दिशा में ले जा सकता है। बिना समझ के कोई भी व्यक्ति प्रभावी संवाद नहीं कर सकता।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: पढ़ाई मजबूत करने का आसान तरीका
परीक्षा पे चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों को सलाह दी कि वे अपनी क्लास के कमजोर छात्रों से दोस्ती करें। उन्होंने कहा कि अगर आप किसी और को पढ़ाते हैं, तो उससे आपकी खुद की समझ भी मजबूत होती है। “आज मैं तुम्हें गणित पढ़ाऊंगा,” ऐसा कहकर पढ़ाने से दिमाग की क्षमता बढ़ती है और परीक्षा में भी इसका फायदा मिलता है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: बदलती नौकरियां और तकनीक का भविष्य
पीएम मोदी ने कहा कि नौकरियों की प्रकृति समय के साथ बदलती रहती है और यह कोई नई बात नहीं है। पहले लोग बैलगाड़ी से चलते थे और आज हवाई जहाज से यात्रा करते हैं, लेकिन जीवन चलता रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक एक अच्छा शिक्षक है और अगर उसे सही तरीके से अपनाया जाए, तो वह भविष्य को बेहतर बना सकती है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: “तकनीक से डरने की जरूरत नहीं” – पीएम मोदी
एआई और तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि हर दौर में नई तकनीक को लेकर बहस होती रही है। जैसे पहले कंप्यूटर आए तो डर था, वैसे ही आज एआई को लेकर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि उसे अपनाने और समझदारी से इस्तेमाल करने की जरूरत है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: Viksit Bharat 2047 में युवाओं की भूमिका
विकसित भारत 2047 में योगदान को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं को अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा। उन्होंने सिंगापुर का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित देश बनने के लिए नागरिकों का व्यवहार भी विकसित होना चाहिए। कचरा न फैलाना, ट्रैफिक नियमों का पालन करना और भोजन की बर्बादी रोकना जैसे छोटे कदम बड़े बदलाव ला सकते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आर्ट केवल शौक नहीं, बल्कि तनाव कम करने का एक बेहतरीन जरिया भी है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे रोज आधा घंटा या हफ्ते में दो बार आर्ट से जुड़ी गतिविधियां करें। इससे पढ़ाई की थकान और मानसिक दबाव कम होता है और फोकस बेहतर रहता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ रचनात्मकता बनाए रखना छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: आर्ट और पढ़ाई में संतुलन कैसे बनाएं
एक छात्र ने आर्ट, क्राफ्ट और डिजाइन को पढ़ाई के साथ बैलेंस करने पर सवाल किया। पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों को पढ़ाई और कला को अलग-अलग नहीं देखना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर कोई साइंस पढ़ता है और आर्ट में रुचि रखता है, तो वह लैब स्टडी को ड्रॉइंग और क्रिएटिव तरीकों से सीख सकता है। इससे कॉन्सेप्ट भी मजबूत होगा और रुचि भी बनी रहेगी।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: छत्तीसगढ़ के छात्रों से बातचीत
तमिलनाडु के बाद पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के छात्रों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक भोजन जैसे कुरमी और ठेठरी का जिक्र किया। एक छात्र के सवाल पर पीएम ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के बाद छात्रों को अपने ही राज्य की यात्रा ट्रेन से करनी चाहिए और घर का बना खाना साथ ले जाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि पढ़ी गई कोई भी चीज बेकार नहीं जाती, वह दिमाग में सुरक्षित रहती है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: मोटिवेशन बनाम डिसिप्लिन
मोटिवेशन और अनुशासन पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जीवन में दोनों जरूरी हैं, लेकिन डिसिप्लिन सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि अनुशासन सफलता की कुंजी है, जबकि प्रेरणा उसे मजबूती देती है। छात्रों को नियमित दिनचर्या अपनाने और लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने की सलाह दी गई।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: Viksit Bharat 2047 पर पीएम मोदी का संदेश
2047 तक विकसित भारत में छात्रों की भूमिका पर पीएम मोदी ने कहा कि अगर हमें विकसित देश बनना है, तो वैसा व्यवहार भी अपनाना होगा। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन की बर्बादी रोकने और लोकल प्रोडक्ट्स को बढ़ावा देने पर जोर दिया। पीएम ने कहा कि विदेशी सामान की जगह स्थानीय उत्पाद खरीदना भी देश के विकास में योगदान है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: पढ़ाई और पैशन में संतुलन
पढ़ाई और पैशन के बीच संतुलन पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों ही जीवन में जरूरी हैं। उन्होंने रचनात्मक तरीके से पढ़ाई करने का सुझाव दिया। पीएम ने कहा कि छात्र केमिस्ट्री को आर्ट्स के साथ जोड़ सकते हैं, जैसे लैब, टेस्ट ट्यूब की ड्रॉइंग बनाकर उन्हें रंगना और नाम देना। इससे कॉन्सेप्ट भी समझ में आएगा और रचनात्मकता भी विकसित होगी।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: तमिलनाडु के छात्रों से संवाद
पीएम मोदी ने तमिलनाडु के छात्रों से बातचीत की शुरुआत करते हुए कहा कि वह उनसे भी सीखना चाहते हैं। उन्होंने छात्रों से खुलकर अपने विचार साझा करने को कहा ताकि सार्थक संवाद हो सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि छोटा काम भी स्टार्टअप हो सकता है और कोई भी व्यक्ति किसी भी समय अपने आइडिया पर काम शुरू कर सकता है। उन्होंने छात्रों को आत्मनिर्भर सोच विकसित करने और खुद पर भरोसा रखने की सलाह दी।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: स्टार्टअप के लिए कैसी शिक्षा जरूरी?
परीक्षा पे चर्चा 2026 के दौरान कोयंबटूर के एक छात्र ने पीएम मोदी से पूछा कि अपना स्टार्टअप शुरू करने के लिए किस स्तर की पढ़ाई जरूरी है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल डिग्री ही सब कुछ नहीं होती। छात्रों को इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स से जुड़ना चाहिए और यह समझना चाहिए कि वे कैसे काम करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वास्तविक अनुभव, सीखने की इच्छा और समस्या को समझने की क्षमता स्टार्टअप के लिए ज्यादा अहम होती है।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: सामाजिक और व्यावसायिक विकास पर भी ध्यान- पीएम मोदी
परीक्षा पे चर्चा 2026 के 9वें संस्करण का दूसरा वीडियो आज 9 फरवरी को सुबह 10 बजे लाइव स्ट्रीम किया गया। शिक्षा मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर जारी इस एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि अच्छे शिक्षक केवल अकादमिक नहीं, बल्कि सामाजिक और व्यावसायिक विकास पर भी ध्यान देते हैं। पीएम मोदी ने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे एक गेंदबाज को ऑलराउंड तैयारी करनी होती है, वैसे ही छात्रों को भी हर पहलू पर ध्यान देना चाहिए।
Pariksha Pe Charcha 2026 LIVE Updates: पीएम मोदी कर रहे छात्रों के साथ संवाद
पीएम मोदी परीक्षा पे चर्चा 2026 के दूसरे एपिसोड में आज छात्रों के साथ संवाद कर रहे है, जिसमें वह छात्रों को लक्ष्य केंद्रित होने और और एग्जाम वॉरियर बनने के लिए गुरुमंत्र दे रहे हैं।
