ओडिशा में 19 फरवरी से शुरू हुईं कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा सोमवार (02 मार्च 2026) को समाप्त हो गईं। परीक्षा समाप्त होते ही बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (BSE), ओडिशा की ओर से रिजल्ट का संभावित समय छात्रों के लिए जारी कर दिया गया है। दरअसल, बोर्ड के अध्यक्ष श्रीकांत तराई ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया है कि कक्षा 10वीं का रिजल्ट मई के पहले या दूसरे हफ्ते तक घोषित होने की संभावना है।

19 मार्च तक चलेगा कॉपियों की चेकिंग का काम

श्रीकांत तराई ने कहा है कि 10वीं के बोर्ड एग्जाम बिना किसी परेशानी के संपन्न हो गए हैं। इस दौरान क्वेश्चन पेपर लीक या सेंटर्स पर कोई गड़बड़ी जैसी कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने आगे कहा कि कुछ सेंटर्स से छोटी-मोटी घटनाएं सामने आई थीं जिन्हें समय रहते ठीक कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि OMR शीट (ऑब्जेक्टिव) के इवैल्यूएशन का प्रोसेस शुरू हो गया है जो कि 19 मार्च तक चलेगा। इस काम के लिए 51 सेंटर्स पर 15 हजार टीचर्स को लगाया गया है।

खाड़ी देशों में केरल सरकार ने स्थगित की 10वीं और 12वीं की परीक्षा, नई तारीख को लेकर जल्द होगा फैसला

5.50 लाख से अधिक बच्चों ने दी परीक्षा

बता दें कि इस साल ओडिशा बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षाओं में 5.61 लाख से अधिक छात्र उपस्थित हुए। यह परीक्षा 3082 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद अब छात्रों को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार रहेगा। रिजल्ट को लेकर बोर्ड के अधिकारी ने बताया है कि परिणाम मई के दूसरे हफ्ते तक जारी कर दिया जाएगा।

लास्ट ईयर कैसा था रिजल्ट?

पिछले साल यानी 2025 में मैट्रिक एग्जाम के रिजल्ट 2 मई को घोषित किए गए थे। कुल 5,04,002 स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिए थे। उनमें से एक स्टूडेंट का रिजल्ट रोक दिया गया था, जबकि 170 स्टूडेंट्स पर मैलप्रैक्टिस कैटेगरी में केस दर्ज किया गया था। ओडिशा क्लास 10 की परीक्षा में 4,85,240 स्टूडेंट्स पास हुए थे। कुल पास परसेंटेज 94.69% दर्ज किया गया था। लास्ट ईयर 2,644 स्कूलों ने 100 प्रतिशत रिजल्ट हासिल किया था।