नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सीयूईटी यूजी री एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। रीशेड्यूल एग्जाम 6 और 7 जून 2026 को आयोजित होगा। इस एग्जाम में जो कैंडिडेट शामिल होने वाले हैं वह एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in से उसे डाउनलोड कर सकते हैं। बता दें कि यह परीक्षा 30 मई 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से कई सेंटर्स पर एग्जाम री शेड्यूल किया गया था।

री एग्जाम में कौन से उम्मीदवार होंगे शामिल?

सीयूईटी यूजी की 30 मई को होने वाली परीक्षा के लिए जिन कैंडिडेट्स ने एग्जाम सेंटर्स पर अपना बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया था और परीक्षा नहीं दे पाए थे वह भी 6-7 जून को होने वाली परीक्षा में शामिल होंगे। टेक्निकल गड़बड़ी की वजह से करीब 3,765 कैंडिडेट्स इस परीक्षा को नहीं दे पाए थे।

CBSE OSM Controversy: वेदांत, निसर्ग और सार्थक इन तीन युवाओं ने खड़े किए CBSE की OSM प्रणाली पर बड़े सवाल, पढ़ें रिपोर्ट

CUET UG 2026: री शेड्यूल एग्जाम के लिए कैसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड?

सीयूईटी यूजी रीशेड्यूल एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए कैंडिडेट्स इन स्टेप्स को फॉलो करें।

स्टेप 1: कैंडिडेट सबसे पहले CUET UG की ऑफिशियल वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं।

स्टेप 2: वेबसाइट के होमपेज पर ‘CUET UG 2026 एडमिट कार्ड’ लिंक पर क्लिक करें।

स्टेप 3: लॉगिन डिटेल्स के तौर पर एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि या पासवर्ड डालें।

स्टेप 4: सबमिट पर क्लिक करें।

स्टेप 5: नया रिवाइज्ड एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और सेव करें।

एडमिट कार्ड में मिलेगी यह जानकारी

सीयूईटी यूजी री एग्जाम में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स ध्यान रखें कि एडमिट कार्ड वह अहम दस्तावेज है जिसके बिना उम्मीदवारों को एग्जाम हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी। इसके साथ ही, पिछले हॉल टिकट में दी गई शिफ्ट और दूसरी डिटेल्स अब वैलिड नहीं हैं। CUET UG के एडमिट कार्ड में कैंडिडेट का नाम, रोल नंबर, एप्लीकेशन नंबर, जन्म तिथि, एग्जाम सेंटर, एग्जाम का समय और गार्जियन का नाम जैसी जानकारी उपलब्ध होगी।

30 मई को क्या हुआ था?

बता दें कि 30 मई को आयोजित होने वाली सीयूईटी यूजी परीक्षा कई सेंटर्स पर तकनीकी खामी की वजह से आयोजित नहीं हो पाई थी। NTA ने बताया था कि TCS iON को टेक्निकल गड़बड़ी का पता चला था जिसके बाद अधिकतर सेंटर्स पर परीक्षा आयोजित नहीं हो पाई थी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो सर्कुलेट हुए, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों और उनके अभिभावकों को एग्जाम सेंटर के बाहर इंतजार करते हुए देखा गया था।