नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 28 मई 2026 को होने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG) 2026 परीक्षा को स्थगित कर दिया है। एनटीए की ओर से जारी किए गए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन के मुताबिक, 28 मई को दोनों शिफ्ट में आयोजित होने वाली सीयूईटी यूजी परीक्षा को स्थगित किया जा रहा है और जल्द ही इस दिन की परीक्षा की नई तारीख घोषित की जाएगी। एनटीए के नोटिस के मुताबिक, इस परीक्षा को ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी के कारण स्थगित किया गया है।
नई तारीख कहां जारी होगी?
एनटीए ने अपने नोटिस में बताया है कि इस परीक्षा का नया शेड्यूल की घोषणा जल्द ही की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वह लेटेस्ट जानकारी के लिए एनटीए की वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर विजिट करते रहें। NTA ने छात्रों से यह भी कहा है कि वे कन्फ्यूजन और गलत जानकारी से बचने के लिए सिर्फ ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर भी भरोसा करें। एनटीए के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल @NTA_Exams पर भी अपडेट चेक कर सकते हैं।
पेपर की शिफ्ट टाइमिंग
बता दें कि सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा 11 मई से लेकर 31 मई के बीच देशभर के निर्धारित सेंटर्स पर आयोजित होगी। इस दौरान यह पेपर दो शिफ्ट में होगा। पहली शिफ्ट में पेपर सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा। वहीं दूसरी शिफ्ट में यह पेपर दोपहर 3:00 बजे से लेकर शाम 6:00 बजे तक आयोजित होगा। पहली शिफ्ट का रिपोर्टिंग टाइम सुबह 7 बजे है जबकि दूसरी शिफ्ट का रिपोर्टिंग टाइम दोपहर 1 बजे है।
एग्जाम सेंटर लेकर जाने वाली जरूरी चीजें
सीयूईटी यूजी परीक्षा में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स को एग्जाम सेंटर पर ले जाने वाले डॉक्युमेंट्स में एडमिट कार्ड सबसे पहले रखना है। एडमिट कार्ड के साथ-साथ एप्लीकेशन प्रोसेस के दौरान अपलोड किया गया एक वैलिड फोटो ID प्रूफ भी साथ ले जाना होगा।
अगर फोटो आधार रिकॉर्ड से मैच नहीं करती है या रजिस्ट्रेशन के दौरान कोई दूसरा आइडेंटिटी प्रूफ इस्तेमाल किया गया था, तो कैंडिडेट्स को स्कूल प्रिंसिपल, हेडमास्टर, या तहसीलदार, SDM, या डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट जैसे क्लास-I गजेटेड ऑफिसर का साइन किया हुआ ओरिजिनल, अटेस्टेड सर्टिफिकेट लाना होगा। इसका इस्तेमाल एग्जाम सेंटर पर वेरिफिकेशन के लिए किया जाएगा।
