नीट पेपर लीक और फिर परीक्षा रद्द होने के मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के रोल की जांच कर रही पार्लियामेंट की स्टैंडिंग कमेटी ने कुछ व्यापक सुधारों की सिफारिश की है। शुक्रवार को NTA की इस कमेटी ने एजेंसी की संसद के दोनों सदनों के प्रति जवाबदेही पक्का करने के लिए एक कानूनी सिस्टम बनाने की सिफारिश की है।

समिति का कहना है कि NTA की संसद के दोनों सदनों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित की जाए ताकि उचित कानूनी और संसदीय ढांचा तैयार किया जा सके। इसके अलावा कमेटी ने परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित बनाने, निजी परीक्षा केंद्रों पर निर्भरता घटाने और प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए कई अहम सुझाव दिए गए हैं।

‘अभी सुधारों की जरूरत है’

पार्लियामेंट्री कमेटी ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट में कहा है, “शिक्षा विभाग सही पार्लियामेंट्री फ्रेमवर्क ला सकता है जो संसद के प्रति NTA की जवाबदेही पक्का करे।” समिति ने माना कि एनटीए ने 2024 के बाद सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं, लेकिन NEET-UG 2026 की परीक्षा रद्द होने से स्पष्ट है कि प्रक्रिया और संस्थागत सुधारों की अभी जरूरत है। रिपोर्ट 9 अक्टूबर 2026 को पेश की गई।

‘जवाबदेही की व्यवस्था होनी चाहिए’

समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि NTA देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। एजेंसी JEE-Main, NEET-UG, UGC-NET और CUET जैसी प्रमुख परीक्षाएं आयोजित करती है। ऐसे में उसकी जिम्मेदारियों के अनुरूप प्रशासनिक ढांचा, पर्याप्त संसाधन और जवाबदेही की व्यवस्था होनी चाहिए।

शिक्षा विभाग से किया गया अनुरोध

इस रिपोर्ट में शिक्षा विभाग से ऐसा संसदीय ढांचा लाने की सिफारिश की गई है, जिससे NTA की जवाबदेही संसद के प्रति सुनिश्चित हो सके। समिति ने यह भी रेखांकित किया कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले संगठित नेटवर्क लगातार अपने तरीके बदलते रहते हैं और व्यवस्था की कमजोर कड़ी का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। इसलिए एजेंसी को पर्याप्त स्टाफ, मजबूत सुरक्षा प्रोटोकॉल, स्पष्ट जवाबदेही और संचालन के डिजिटलीकरण की जरूरत है।

CBT मोड में होंगी परीक्षाएं

इस रिपोर्ट में कमेटी ने बड़े स्तर की प्रवेश परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मॉडल में बदलने की संभावना पर जोर दिया है। इसमें नीट यूजी जैसी बड़ी परीक्षा शामिल है। इसके अलावा रिपोर्ट में सरकारी स्वामित्व और संचालन वाले परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने तथा निजी केंद्रों पर निर्भरता कम करने की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा की ओर बढ़ते समय तकनीकी व्यवस्था, ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में केंद्रों की उपलब्धता तथा परीक्षा के बाद अंकों के सामान्यीकरण (नॉर्मलाइजेशन) की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना होगा।

उम्र और अटैंप्ट को लेकर भी रिपोर्ट में सुझाव

संसदीय समिती ने अपनी रिपोर्ट में यह भी सुझाव दिया है कि NEET-UG जैसी परीक्षाओं में अटैंप्ट की संख्या और अधिकतम उम्र की सीमा को बढ़ाया जाए। रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल इस परीक्षा में शामिल होने के प्रयासों की संख्या पर सीमा नहीं है और अधिकतम उम्र की भी कोई प्रभावी सीमा नहीं है। समिति को बताया गया कि इसके कारण 70 वर्ष से अधिक उम्र के उम्मीदवारों के परीक्षा में शामिल होने जैसी स्थितियां सामने आई हैं।

यह भी पढ़ें: सीबीएसई स्पेशल एग्जाम डेटशीट जारी, 23 अक्टूर से शुरू होंगे 12वीं के एग्जाम

CBSE Special Examination 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने पश्चिम एशिया के देशों में परीक्षा देने वाले कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए स्पेशल परीक्षा 2026 की डेटशीट जारी कर दी है। ये परीक्षाएं 23 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षा उन पात्र विद्यार्थियों के लिए है, जो पश्चिम एशिया में बने हालात के कारण मार्च-अप्रैल में निर्धारित कुछ परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सके थे। यहां पढ़ें पूरी खबर….