Nobel Prize Chemistry 2026: साल 2026 के नोबेल पुरस्कार में केमिस्ट्री के विजेताओं का ऐलान कर दिया गया है। फ्रांस के वैज्ञानिक हेनरी बी. कगन (Henri B. Kagan) और जापान के केंसो सोई (Kenso Soai) को संयुक्त रूप से रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार दिया गया है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने बुधवार को स्टॉकहोम में इसकी घोषणा की। दोनों वैज्ञानिकों को “एसिमेट्रिक ऑर्गेनिक सिंथेसिस में नॉन-लीनियर इफेक्ट्स और ऑटोकैटलिसिस की खोज” के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।

उनके काम ने वैज्ञानिकों को उस पुरानी पहेली को समझने में मदद की कि प्रकृति में कुछ अणु (molecules) दो दर्पण-प्रतिबिंब यानी मिरर इमेज रूपों में मौजूद होने के बावजूद जीवन में मुख्य रूप से एक ही रूप में क्यों पाए जाते हैं।

Kagan और Soai ने क्या खोज की ?

इसे समझने के लिए पहले यह जानना जरूरी है कि कई अणु एक-दूसरे के मिरर इमेज हो सकते हैं। इसे सरल उदाहरण से हाथों की तरह समझ सकते हैं। हमारा बायां और दायां हाथ देखने में लगभग एक जैसे हैं, लेकिन दोनों को पूरी तरह एक-दूसरे के ऊपर रखकर समान नहीं बनाया जा सकता।

समस्या यह थी कि रासायनिक प्रतिक्रियाओं में अक्सर इन दोनों मिरर इमेज रूपों का मिश्रण बन सकता है। लेकिन जीवित प्राणियों में कई महत्वपूर्ण अणुओं का केवल एक विशेष रूप ही पाया जाता है। यह असमानता लंबे समय से वैज्ञानिकों के लिए एक बड़ी पहेली रही थी। कगन और सोई के शोध ने यह समझने में मदद की कि ऐसी होमोचिरैलिटी यानी एक ही प्रकार की मॉलिक्यूलर हैंडनेस कैसे उभर सकती है।

100 साल से ज्यादा पुरानी पहेली से जुड़ा है शोध

नोबेल समिति के अनुसार, वैज्ञानिक लंबे समय से यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि प्रकृति में रासायनिक असममिति यानी रासायनिक असममिति कैसे पैदा हुई। जीवन में पाए जाने वाले कई महत्वपूर्ण अणुओं, जैसे अमीनो एसिड, के दो मिरर इमेज रूप संभव हैं। लेकिन जीवित प्रणालियों में इनका एक विशेष रूप ही प्रमुखता से इस्तेमाल होता है।

कगन और सोई के प्रयोगों ने इस सवाल का एक महत्वपूर्ण रासायनिक जवाब दिया। नोबेल समिति के मुताबिक उनकी खोजों से यह समझने में मदद मिली कि होमोचिरैलिटी अपने आप कैसे उत्पन्न हो सकती है।

Henri Kagan ने 1986 में रखी थी महत्वपूर्ण नींव

हेनरी बी. कगन ने इस क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम 1986 में उठाया था। उन्होंने रासायनिक प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करने का ऐसा तरीका खोजा, जिससे पहले की तुलना में किसी एक मिरर इमेज मॉलीक्यूल की मात्रा अधिक हासिल की जा सकती थी। इसके बाद केंसो सोई ने इस दिशा में आगे काम किया और ऐसी प्रतिक्रियाओं पर शोध किया जिनमें एक ही प्रकार के मिरर इमेज मॉलीक्यूल को प्रमुखता से बनाया जा सके।

Soai की खोज ने बदल दिया समझने का तरीका

कैंसो सोई के शोध का एक महत्वपूर्ण पड़ाव 1995 में सामने आया, जब उनके अध्ययन ने ऐसी रासायनिक प्रतिक्रिया की संभावना दिखाई जो होमोकायरल परिणाम दे सकती थी। इसके बाद 2003 में Soai ने ऐसी प्रतिक्रिया प्रदर्शित की जिसमें दो संभावित मिरर इमेज रूपों में से केवल एक ही बना। यह उपलब्धि इस सवाल को समझने में बेहद महत्वपूर्ण मानी गई कि रासायनिक असममिति कैसे उत्पन्न हो सकती है।

दवाओं के निर्माण में क्यों महत्वपूर्ण है यह खोज?

कगन और सोई की रिसर्च सिर्फ एक सैद्धांतिक रासायनिक पहेली को सुलझाने तक सीमित नहीं है। इसका संबंध फार्मास्युटिकल रिसर्च और दवाओं के निर्माण से भी है। कई दवाओं में मॉलिक्यूल का एक विशेष मिरर इमेज रूप शरीर पर वांछित प्रभाव डाल सकता है, जबकि दूसरा रूप अलग व्यवहार कर सकता है। इसलिए वैज्ञानिकों के लिए किसी रासायनिक प्रतिक्रिया से सही molecular form को अधिक सटीक तरीके से तैयार करना बेहद महत्वपूर्ण है।

Henri Kagan और Kenso Soai कौन हैं?

कगन फ्रांस के प्रमुख रसायन वैज्ञानिकों में गिने जाते हैं, जबकि कैंसो सोई जापान के टोक्यो यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस से जुड़े हैं। दोनों ने असममित कार्बनिक संश्लेषण और आणविक चिरैलिटी से जुड़े क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

नोबेल पुरस्कार की कितनी राशि मिलेगी?

2026 के नोबेल पुरस्कार के साथ 12 मिलियन स्वीडिश क्रोनर की पुरस्कार राशि है। यह राशि दोनों विजेताओं के बीच साझा की जाएगी। भारतीय मुद्रा में इसका मूल्य लगभग 10 करोड़ के आसपास बैठता है, हालांकि विनिमय दर के अनुसार वास्तविक रकम बदल सकती है। नोबेल पुरस्कार के साथ विजेताओं को पदक और डिप्लोमा भी दिया जाता है।

10 दिसंबर को होगा नोबेल पुरस्कार समारोह

नोबेल पुरस्कारों का आधिकारिक पुरस्कार समारोह हर साल 10 दिसंबर को आयोजित किया जाता है। यह तारीख अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि है। रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार भी इसी समारोह में प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार समारोह के बाद स्टॉकहोम में पारंपरिक नोबेल बैंक्वेट आयोजित होता है।