दिल्ली में उच्च शिक्षा के क्षेत्र को मजबूती देने के लिए दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसमें डॉ. भीम राव अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली के नए कैंपस के निर्माण को मंजूरी दी गई है। सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में उत्तर दिल्ली के धीरपुर क्षेत्र में नए कैंपस के निर्माण के लिए 1,668 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत करना है।

20 हेक्टेयर में विकसित होगा नया कैंपस

सरकारी जानकारी के अनुसार, धीरपुर स्थित नया कैंपस लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जाएगा। इस अत्याधुनिक परिसर में करीब 8,000 छात्रों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। परियोजना के पहले चरण में 5,400 छात्रों के लिए शैक्षणिक ढांचे का निर्माण किया जाएगा।

यह नया कैंपस छात्रों को आधुनिक और विश्वस्तरीय शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है, जिससे दिल्ली में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा।

छात्रों और फैकल्टी के लिए होंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रस्तावित कैंपस में छात्रों और शिक्षकों के लिए कई अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें 840 छात्रों के लिए छात्रावास सुविधा, फैकल्टी और कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर, आधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन, छात्र सुविधा केंद्र, खेल परिसर और स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर, पार्किंग सुविधाएं और 2,500 सीटों वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम शामिल है। इस परियोजना के कार्यान्वयन की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है।

ग्रीन और सस्टेनेबल कैंपस के रूप में होगा विकास

दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि धीरपुर कैंपस को पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ विकास मॉडल के तहत तैयार किया जाएगा। यह परिसर GRIHA 5-स्टार मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

कैंपस में सौर ऊर्जा और भू-तापीय ऊर्जा का उपयोग, वर्षा जल संचयन प्रणाली, अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण व्यवस्था, आधुनिक जल संरक्षण तकनीक और ऊर्जा दक्ष भवन संरचना जैसी हरित तकनीकों का उपयोग किया जाएगा और इसके लिए आवश्यक मंजूरियां पहले ही मिल चुकी हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना को कई महत्वपूर्ण वैधानिक मंजूरियां पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें दिल्ली अर्बन आर्ट कमीशन और दिल्ली फायर सर्विस की स्वीकृतियां शामिल हैं, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी आने की संभावना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस परियोजना को दिल्ली के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है और दिल्ली सरकार युवाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि धीरपुर कैंपस न केवल विश्वविद्यालय की क्षमता बढ़ाएगा, बल्कि एक आधुनिक, समावेशी और टिकाऊ शैक्षणिक वातावरण भी प्रदान करेगा, जिससे छात्रों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार होने में मदद मिलेगी।