नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को होने वाले नीट यूजी री एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले कैंडिडेट ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस वेबसाइट पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक एक्टिव किया जा चुका है। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड एक्सेस करने के लिए अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड का इस्तेमाल करना होगा।
एनटीए ने बढ़ाई एग्जाम टाइमिंग
बता दें कि नीट यूजी री एग्जाम 21 जून (रविवार) को देशभर में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में करीब 23 लाख उम्मीदवार उपस्थित होंगे। यह परीक्षा पेन एंड पेपर मोड में ही आयोजित होगी। इस एग्जाम को लेकर एनटीए ने एक बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, एजेंसी ने परीक्षा की अवधि में 15 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ने का फैसला किया है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा पूरी करने के लिए कुल 195 मिनट मिलेंगे। इसके साथ ही प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पेज भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
नीट यूजी री एग्जाम का पेपर भी हो गया लीक? सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र वायरल; NTA ने दी सफाई
एग्जाम पोस्टपोन होने की चर्चाओं पर लगा विराम
एनटीए की ओर से एडमिट कार्ड जारी करने के साथ ही इन अफवाहों पर विराम लग गया है जिसमें यह कहा जा रहा था कि यह परीक्षा स्थगित की जा सकती है। यह परीक्षा पहले 03 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक के कारण 10 दिन के बाद ही एनटीए ने इस एग्जाम को रद्द कर दिया था जिसके बाद यह फैसला हुआ कि 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी। अब कुछ दिनों से सोशल मीडिया री एग्जाम का भी क्वेश्चन पेपर लीक होने की पोस्ट वायरल हो रही थी और स्टूडेंट्स की ओर से यह मांग की जा रही थी कि परीक्षा को स्थगित किया जाए, लेकिन एनटीए ने पेपर लीक के दावों को फर्जी बताते हुए एडमिट कार्ड जारी कर दिया।
NEET UG Re Exam Admit Card: How to Download?
नीट यूजी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए कैंडिडेट सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर विजिट करें।
अब वेबसाइट को नीचे की तरफ स्क्रॉल करते हुए Candidate Activity पर क्लिक करें।
अब अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड के साथ-साथ सिक्योरिटी पिन दर्ज करके Log in पर क्लिक करें।
एडमिट कार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा। इसे डाउनलोड करें और इसका प्रिंट आउट जरूर निकाल लें।
परीक्षा को लेकर सुरक्षा के खास बंदोबस्त
बता दें की नीट री एग्जाम को लेकर एनटीए ने खास बंदोबस्त किए हैं। सरकार ने पेपर को सेंटर तक पहुंचाने के लिए इंडियन एयरफोर्स की मदद लेने का भी ऐलान किया था। वायुसेना का Mi-17 हेलीकॉप्टर इस काम में लगाया जाएगा। इसके अलावा एग्जाम सेंटर पर तैनात अधिकारियों के लिए खास ट्रेनिंग आयोजित की जा रही है। पेपर तैयार करने वाले एक्सपर्ट को कहीं अज्ञात जगह पर पेपर खत्म होने तक रखा जाएगा।
