NEET UG Re-Exam Admit Card 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी री-एग्जाम 2026 के एडमिट कार्ड जारी होने के कुछ घंटों बाद ही अपने पोर्टल पर तकनीकी गड़बड़ियों की पुष्टि की है। सर्वर पर अत्यधिक लोड के कारण लाखों छात्र एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं। परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होनी है और ऐसे में अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।
4 लाख छात्रों ने डाउनलोड किया एडमिट कार्ड
एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार अब तक लगभग 4 लाख उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। हालांकि बड़ी संख्या में छात्र वेबसाइट पर लॉगिन करने के दौरान सर्वर एरर, टाइमआउट और तकनीकी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
एजेंसी ने कहा कि तकनीकी टीम लगातार इन समस्याओं को दूर करने के लिए काम कर रही है और जल्द ही सभी उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
NTA ने मांगी असुविधा के लिए माफी
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी संदेश में एनटीए ने कहा कि कुछ छात्रों को एडमिट कार्ड एक्सेस करने में परेशानी हो रही है। एजेंसी ने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
बैंक डिटेल अपडेट पोर्टल पर भी बढ़ा लोड
एनटीए ने यह भी बताया कि बैंक अकाउंट डिटेल अपडेट करने वाला पोर्टल भी भारी ट्रैफिक के कारण प्रभावित हुआ है। पात्र उम्मीदवारों के लिए बैंक विवरण अपडेट करना अनिवार्य है, लेकिन सर्वर पर अत्यधिक लोड के चलते कई छात्रों को प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कतें आ रही हैं।
लॉगिन से पहले तैयार रखें ये दस्तावेज
छात्रों की सुविधा के लिए NTA ने सलाह दी है कि पोर्टल पर लॉगिन करने से पहले निम्नलिखित दस्तावेज और जानकारी तैयार रखें, जिसमें बैंक रिकॉर्ड के अनुसार पूरा नाम, बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और कैंसिल चेक की स्कैन कॉपी शामिल है। एजेंसी का कहना है कि इन दस्तावेजों को पहले से तैयार रखने पर प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सकेगी और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कम समय लगेगा।
सोशल मीडिया पर छात्रों ने जताई नाराजगी
नीट यूजी 2026 के अभ्यर्थी सोशल मीडिया पर लगातार अपनी समस्याएं साझा कर रहे हैं। कई छात्रों का कहना है कि वे घंटों तक पोर्टल एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं, जबकि कुछ उम्मीदवारों ने भुगतान और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के बीच में रुक जाने की शिकायत की है।
कितने छात्रों ने कराया है पंजीकरण?
इस वर्ष नीट यूजी री-एग्जाम 2026 के लिए कुल 22,75,011 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। वहीं 3 मई 2026 को आयोजित मुख्य परीक्षा में 22,05,035 छात्र शामिल हुए थे।
उम्मीदवारों के लिए NTA की महत्वपूर्ण सलाह
एनटीए ने छात्रों से केवल आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर उपलब्ध सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। एजेंसी ने फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सावधान रहने की भी सलाह दी है।
