नीट पेपर लीक विवाद के बीच 21 जून को देशभर में नीट यूजी परीक्षा दोबारा से आयोजित की जाएगी। 03 मई को जो परीक्षा आयोजित हुई थी उसे एनटीए ने पेपर लीक की वजह से रद्द कर दिया था। उस परीक्षा में 23 लाख के करीब बच्चे उपस्थित हुए जो अब दोबारा से परीक्षा देंगे। फिर से 23 लाख बच्चों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। दरअसल, उन्होंने नीट यूजी री एग्जाम से पहले सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपराज्यपाल और प्रशासनिक अधिकारियों को एक लेटर लिखकर उनसे सहयोग मांगा है कि परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के सफलतापूर्वक आयोजित कराया जाए।
सभी सेंटर्स पर उपलब्ध हो बेसिक सुविधाएं- शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्रालय ने अपने ऑफिशियल X हैंडल से इस डेवलपमेंट को कन्फर्म किया है। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश के बड़े हिस्सों में चल रही भयंकर हीटवेव की स्थिति पर भी ध्यान आकर्षित करते हुए राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के एडमिनिस्ट्रेशन से यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि एग्जाम सेंटर्स पर कैंडिडेट्स के लिए सभी जरूरी बेसिक सुविधाएं उपलब्ध हों। बता दें कि जून के महीने में देशभर के अधिकतर राज्यों में तापमान 45 डिग्री के आसपास चला जाता है।
शिक्षा मंत्री ने एक रिव्यू मीटिंग भी की
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इससे पहले NEET-UG री एग्जाम की तैयारियों का रिव्यू किया था और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि एग्जाम सेंटर्स पर सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का खास ध्यान रखा जाए। इसके अलावा इस एग्जाम को फेयर कराने के लिए हर सख्त कदम उठाए जाएं। रिव्यू मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया था कि पहले की परीक्षा में जो खामियां रहीं उन्हें पूरी तरह से ठीक किया जाना चाहिए और री एग्जाम में उन खामियों को दूर किया जाना चाहिए।
फीस रिफंड के लिए कर सकते हैं आवेदन
बता दें कि नीट यूजी री एग्जाम से पहले जो कैंडिडेट एग्जाम फीस रिफंड के लिए एलिजिबल हैं वह ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर फीस रिफंड विंडो के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड का इस्तेमाल करके लॉग इन करना होगा। बता दें कि 21 जून को होने वाली नीट यूजी परीक्षा में 23 लाख के करीब कैंडिडेट्स उपस्थित होंगे।
