नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने मंगलवार को महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार नाम के एक आरोपी को हिरासत में लिया था। सीबीआई की टीम ने कुछ घंटे की पूछताछ के बाद शुभम खैरनार को गिरफ्तार कर लिया। शुभम को लेकर कई चौंकाने वाली चीजें अब सामने आ रही हैं।

हैरान करने वाली बात ये है कि शुभम खैरनार ने खुद को मेडिकल स्टूडेंट बताया है और उसका कनेक्शन मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी से जुड़ा है, जहां उसने 2021 में BAMS (आयुर्वेद चिकित्सा) कोर्स में एडमिशन लिया था।

5 साल में नहीं ली कोई क्लास

सत्य साई यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने के बाद से शुभम खैरनार कभी कॉलेज नहीं गया। एनबीटी की एक रिपोर्ट में यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अंकित जोशी के हवाले से कहा गया है कि हमारे पास जो रिकॉर्ड हैं उससे पता चला है कि शुभम खैरनार नाम के एक छात्र ने साल 2021 में हमारे बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) प्रोग्राम में दाखिला लिया था, लेकिन दाखिला मिलने के बाद से अब तक उसने कोई क्लासेस नहीं ली।

प्रोफेसर ने बताया कि एडमिशन के बाद जब क्लासेस शुरू हुईं तो विभाग ने शुभम से संपर्क किया था, लेकिन वह क्लास के लिए नहीं आया और न ही किसी एग्जाम में बैठा।

NEET पेपर लीक कांड: 5000 रुपये वाला व्हाट्सऐप ग्रुप, ‘गेस पेपर’ के नाम पर बिका असली प्रश्नपत्र, जांच में बड़े नेटवर्क का खुलासा

शुभम के पड़ोसियों ने क्या बताया?

नासिक में जहां से शुभम की गिरफ्तारी हुई वहां के आस-पड़ोस के लोगों ने भी बताया है कि शुभम के रहन-सहन का तरीका देखकर उन्हें लगता ही नहीं था कि वह डॉक्टर है। शुभम अक्सर काफी लेट नाइट आता था और सुबह जल्दी निकल जाता था।

अक्सर पार्किंग को लेकर उनका विवाद भी शुभम से हो चुका था। पड़ोसियों ने ही शुभम की शिकायत भी पुलिस में की थी। शुभम के पड़ोसियों ने बताया है कि उसके फ्लैट पर अक्सर स्टूडेंट्स का आना-जाना लगता रहता था। लड़कियां भी उसके फ्लैट पर आती-जाती थीं।

पेपर लीक करके कमाए 5 लाख रुपए

30 वर्षीय शुभम खैरनार नीट यूजी पेपर लीक के मास्टरमाइंड में से एक है। मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि उसने 10 लाख रुपये में नीट का पेपर खरीदा था और 15 लाख में उसे बेच दिया। शुभम का नेटवर्क जयपुर, सीकर, गुरुग्राम, पुणे, देहरादून और केरल तक फैला था।

शुभम ने जो गेस पेपर लीक कराया उसमें 400 सवाल थे जिसमें से बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के सभी 45 प्रश्न 03 मई को हुई नीट यूजी परीक्षा से हुबहू मैच कर गए। शुभम समेत 5 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई की जांच इस मामले में तेजी से चल रही है।