देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 एक बार फिर कथित पेपर लीक मामले को लेकर विवादों में आ गई है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से पहले एक “सैंपल पेपर” कई छात्रों तक पहुंचाया गया था, जिसमें पूछे गए प्रश्न असली परीक्षा से हूबहू मेल खाते हैं।

क्या है पूरा मामला?

सूत्रों के अनुसार, केरल से राजस्थान के सीकर पहुंचा एक सैंपल पेपर अब जांच के केंद्र में है। बताया जा रहा है कि इस पेपर के लगभग 150 प्रश्न वही थे जो बाद में NEET UG 2026 की परीक्षा में पूछे गए। चूंकि नीट यूजी परीक्षा कुल 720 अंकों की होती है और प्रत्येक प्रश्न 4 अंक का होता है, इसलिए करीब 600 अंकों के सवालों का मैच होना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि केवल प्रश्न ही नहीं, बल्कि प्रश्नों का क्रम भी परीक्षा के प्रश्नपत्र जैसा ही था। इससे जांच एजेंसियों को संगठित पेपर लीक नेटवर्क की आशंका हुई है।

राजस्थान एसओजी ने क्या कहा

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) विशाल बंसल ने NEET परीक्षा को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहा, “NEET परीक्षा को लेकर जो विभिन्न भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, उनमें से एक बात मैं स्पष्ट करना चाहता हूं। एक गेस पेपर सामने आया है, जिसमें करीब 410 प्रश्न हैं। आरोप है कि इनमें से लगभग 120 प्रश्न परीक्षा के केमिस्ट्री सेक्शन में पूछे गए थे।

बताया जा रहा है कि यह गेस पेपर छात्रों के बीच काफी पहले से घूम रहा था। यह परीक्षा से करीब 15 दिन से लेकर एक महीने पहले तक छात्रों तक पहुंच चुका था। हमारी जांच फिलहाल इस बात पर केंद्रित है कि क्या इस गेस पेपर के आधार पर किसी प्रकार की नकल या आपराधिक गतिविधि हुई है।

हम इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है। अभी तक इस मामले में किसी भी तरह की गिरफ्तारी नहीं की गई है।”

लाखों रुपये में बिका कथित सैंपल पेपर

जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि कथित सैंपल पेपर परीक्षा से पहले मोटी रकम में बेचा गया। शुरुआती दौर में इसकी कीमत 2 लाख से 5 लाख रुपये तक बताई जा रही है। वहीं परीक्षा से एक रात पहले यही पेपर 30-30 हजार रुपये में छात्रों तक पहुंचाया गया।

राजस्थान SOG के अनुसार हिरासत में लिए गए कई लोगों के मोबाइल फोन में “Many Times Forwarded” टैग दिखाई दिया है, जिससे संकेत मिलता है कि यह सामग्री बड़ी संख्या में लोगों तक भेजी गई थी।

क्या सचमुच लीक हुआ NEET UG 2026 का पेपर?

फिलहाल यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि NEET UG 2026 का पेपर लीक हुआ था या नहीं। अंतिम फैसला जांच एजेंसियों, एक्सपर्ट्स और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA की रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। हालांकि, अब तक सामने आए तथ्यों ने परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

NTA ने क्या कहा?

एनटीए ने हाल ही में जारी बयान में कहा था कि उसे राजस्थान SOG द्वारा कथित अनियमितताओं पर की गई कार्रवाई की जानकारी है। एजेंसी के मुताबिक 3 मई 2026 को परीक्षा निर्धारित समय और सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आयोजित की गई थी।

NTA के अनुसार परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र GPS ट्रैकिंग वाले वाहनों से पहुंचाए गए थे और प्रश्नपत्रों पर ट्रेस करने योग्य वॉटरमार्क लगे थे। सभी परीक्षा केंद्र AI-सहायता प्राप्त CCTV निगरानी में थे। उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया गया था और 5G जैमर का इस्तेमाल किया गया था। एजेंसी ने दावा किया कि परीक्षा प्रक्रिया सभी केंद्रों पर सुचारू रूप से संपन्न हुई थी।

7 मई को मिली थी पहली सूचना

NTA के अनुसार परीक्षा के चार दिन बाद यानी 7 मई 2026 की देर शाम कथित अनियमितताओं की सूचना एजेंसी को मिली। इसके बाद 8 मई की सुबह यह जानकारी केंद्रीय जांच एजेंसियों को भेज दी गई।

NTA ने यह भी कहा कि वह जांच एजेंसियों को हर प्रकार का तकनीकी और डेटा सहयोग दे रही है। एजेंसी ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता

पेपर लीक की आशंका सामने आने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर भी परीक्षा रद्द करने, दोबारा परीक्षा कराने और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। कई छात्र संगठनों ने पूरे मामले की CBI जांच की मांग भी उठाई है।

क्या दोबारा हो सकती है परीक्षा?

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जांच में बड़े स्तर पर पेपर लीक की पुष्टि होती है और यह साबित होता है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचा, तो NTA और केंद्र सरकार दोबारा परीक्षा कराने जैसे बड़े फैसले पर विचार कर सकती हैं। हालांकि फिलहाल ऐसा कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।