NEET UG Re-Exam 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को बड़ी राहत दी है। एजेंसी ने परीक्षा की अवधि में 15 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ने का फैसला किया है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा पूरी करने के लिए कुल 195 मिनट मिलेंगे। इसके साथ ही प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पेज भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

NEET UG 2026 री-एग्जाम का नया समय

पहले नीट यूजी परीक्षा के लिए छात्रों को 180 मिनट यानी 3 घंटे का समय दिया जाता था। हालांकि, उम्मीदवारों से मिले फीडबैक के आधार पर NTA ने परीक्षा विंडो को बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया है।

अब परीक्षा का समय इस प्रकार है।

परीक्षा तिथि: 21 जून 2026

समय: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक

कुल अवधि: 195 मिनट

NTA के अनुसार अतिरिक्त 15 मिनट में उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर, सत्यापन और अन्य अनिवार्य परीक्षा प्रक्रियाओं का समय भी शामिल रहेगा।

क्यों बढ़ाया गया परीक्षा समय?

एनटीए ने अपने आधिकारिक नोटिस में कहा कि कई वर्षों से उम्मीदवारों द्वारा यह सुझाव दिया जा रहा था कि परीक्षा शुरू होने से पहले की औपचारिकताओं में कुछ समय खर्च हो जाता है। ऐसे में छात्रों को वास्तविक परीक्षा समय कम महसूस होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा अवधि बढ़ाई गई है ताकि अभ्यर्थी बिना किसी दबाव के पूरे निर्धारित समय का उपयोग कर सकें।

रफ वर्क के लिए मिलेंगे 4 पेज

NTA ने परीक्षा डिजाइन में एक और महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब उम्मीदवारों को प्रश्न पुस्तिका में पहले 2 पेज की जगह 4 पेज रफ वर्क के लिए मिलेंगे और 2 पेज निर्देशों के तुरंत बाद दिए जाएंगे और बाकी 2 पेज प्रश्न पुस्तिका के अंत में उपलब्ध रहेंगे। एजेंसी का कहना है कि इससे विशेष रूप से गणना आधारित प्रश्न हल करने में छात्रों को सुविधा मिलेगी।

लेफ्ट हैंडेड छात्रों को भी मिलेगा फायदा

नई व्यवस्था में रफ वर्क पेज की स्थिति में बदलाव किया गया है। इससे विशेष रूप से लेफ्ट हैंडेड उम्मीदवारों को लिखने और गणना करने में अधिक सुविधा होगी। एनटीए ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में किए गए छोटे-छोटे सुधार भी छात्रों के अनुभव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

छात्रों के लिए NTA की सलाह

NTA ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। सूचना पुस्तिका का अध्ययन करें। परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और परीक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करें।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा बयान

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट यूजी 2026 री-एग्जाम की तैयारियों की समीक्षा के बाद कहा कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ आयोजित की जाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि, परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होगी और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। इसके साथ ही परिणाम समय पर जारी किए जाएंगे, जिससे शैक्षणिक सत्र पर न्यूनतम प्रभाव पड़ेगा।

हेल्पलाइन और आधिकारिक वेबसाइट

नीट यूजी 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्र किसी भी समस्या या जानकारी के लिए छात्र NTA हेल्पलाइन नंबर: +91-11-40759000 से संपर्क कर सकते हैं।