नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीय यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर विस्तृत अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQs) जारी कर दिए हैं। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द हुई 3 मई की परीक्षा के स्थान पर अब NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। एजेंसी ने फीस रिफंड, परीक्षा शहर बदलने, परीक्षा केंद्र आवंटन, भाषा माध्यम और री-एग्जाम की प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब दिए हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जरूरी बदलाव कर सकते हैं।

21 जून को होगा नीट यूजी 2026 री-एग्जाम

एनटीए के अनुसार नीट यूजी 2026 री-एग्जाम 21 जून 2026 (रविवार) को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा देश और विदेश के विभिन्न केंद्रों पर पेन-एंड-पेपर मोड में होगी।

यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी, जिनमें अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, बंगाली, उर्दू, मराठी, मलयालम, गुजराती, पंजाबी, असमिया, कन्नड़ और ओड़िया शामिल हैं।

फीस रिफंड के लिए अलग पोर्टल शुरू होगा

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों से री-एग्जाम के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा, साथ ही परीक्षा शुल्क रिफंड के लिए बैंक अकाउंट डिटेल जमा करने हेतु अलग मॉड्यूल 21 मई 2026 तक उपलब्ध कराया जाएगा। उम्मीदवार निर्धारित समय में अपनी बैंक जानकारी भर सकेंगे।

21 मई तक बदल सकते हैं एग्जाम सिटी

जो उम्मीदवार स्थान परिवर्तन या वर्तमान पते में बदलाव के कारण परीक्षा शहर बदलना चाहते हैं, वे 21 मई 2026 रात 11:50 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पसंद अपडेट कर सकते हैं।

एनटीए ने कहा है कि परीक्षा केंद्र उम्मीदवारों द्वारा चुने गए शहरों और उपलब्धता के आधार पर आवंटित किए जाते हैं। ऐसे में री-एग्जाम का केंद्र पहले वाले केंद्र से अलग हो सकता है।

परीक्षा का माध्यम नहीं बदलेगा

एजेंसी ने साफ किया है कि आवेदन के समय चुना गया परीक्षा माध्यम अंतिम माना जाएगा और इसमें अब कोई बदलाव नहीं किया जा सकता। एनटीए के मुताबिक कुछ भाषाएं केवल विशेष राज्यों और शहरों में उपलब्ध हैं, इसलिए परीक्षा शहर चयन में सीमाएं हो सकती हैं।

अतिरिक्त 15 मिनट क्यों दिए गए?

एनटीए ने बताया कि परीक्षा अवधि में जो अतिरिक्त 15 मिनट जोड़े गए हैं, उनका उपयोग दस्तावेज सत्यापन, उपस्थिति और अन्य प्री-एग्जाम औपचारिकताओं के लिए किया जाएगा।

परीक्षा केंद्र से जुड़ी शिकायतें कहां करें?

जिन उम्मीदवारों को 3 मई की परीक्षा के दौरान केंद्र पर असुविधा या अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ा था, वे अपने दस्तावेजों के साथ एनटीए हेल्पडेस्क ईमेल पर शिकायत भेज सकते हैं। एजेंसी ने कहा है कि सभी शिकायतों की समीक्षा की जाएगी।

री-एग्जाम की तारीख नहीं बदलेगी

अन्य परीक्षाओं के साथ टकराव की शिकायतों पर एनटीए ने कहा है कि 21 जून 2026 की तारीख अंतिम है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

NEET UG 2026 Re-Exam Important Dates

नीट यूजी 2026 के बारे में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

प्रश्न: क्या री-एग्जाम के लिए दोबारा फीस देनी होगी?

नहीं, NTA ने साफ किया है कि उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।

प्रश्न: क्या परीक्षा केंद्र बदला जा सकता है?

उम्मीदवार अपनी एग्जाम सिटी प्रेफरेंस बदल सकते हैं, लेकिन अंतिम केंद्र NTA द्वारा तय किया जाएगा।

प्रश्न: क्या परीक्षा की भाषा बदली जा सकती है?

नहीं, आवेदन के समय चुना गया माध्यम अंतिम रहेगा।

प्रश्न: री-एग्जाम कब होगा?

NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित होगा।

प्रश्न: शिकायत कहां दर्ज करें?

उम्मीदवार अपनी शिकायत neetug2026@nta.ac.in पर भेज सकते हैं।