नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया पर एक कथित गोपनीय नोटिस तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पुनर्परीक्षा के लिए परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव किया है। हालांकि, सरकार की फैक्ट-चेकिंग एजेंसी PIB Fact Check ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया है।

वायरल नोटिस में दावा किया गया था कि 27 मई 2026 को जारी एक “कॉन्फिडेंशियल” पत्र NTA के तैयारी एवं मॉडरेशन पैनल के लिए जारी किया गया है। इसमें कहा गया था कि NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा पिछले प्रश्नपत्रों और रिव्यू सामग्री से पूरी तरह अलग होगी तथा परीक्षा का स्वरूप “कॉन्सेप्चुअल अंडरस्टैंडिंग, एनालिटिकल रीजनिंग और एप्लीकेशन-बेस्ड लर्निंग” पर आधारित रहेगा। लेकिन NTA ने ऐसी किसी भी अधिसूचना को जारी करने से इनकार किया है।

PIB Fact Check ने बताया फर्जी

पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि NEET (UG) 2026 Re-Examination को लेकर प्रसारित किया जा रहा सर्कुलर पूरी तरह फर्जी है। एजेंसी ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे ऐसे भ्रामक संदेशों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। छात्रों को केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।

आधिकारिक जानकारी कहां मिलेगी?

नीट यूजी 2026 से संबंधित सभी आधिकारिक अपडेट और नोटिस केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर उपलब्ध होंगे। उम्मीदवारों को किसी भी वायरल संदेश या अनौपचारिक स्रोत पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई है।

NEET UG 2026 परीक्षा पैटर्न में कोई नया बदलाव नहीं

NTA के अनुसार, परीक्षा पैटर्न वही रहेगा जो हाल के वर्षों में लागू रहा है। NEET UG परीक्षा में Physics, Chemistry और Biology तीन विषय शामिल होंगे।

NEET UG 2026 मार्किंग स्कीम

NEET UG परीक्षा में निम्नलिखित मार्किंग स्कीम लागू रहेगी:

प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक दिए जाएंगे।

प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक काटा जाएगा।

बिना उत्तर छोड़े गए प्रश्न पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा।

यदि किसी एक प्रश्न के लिए दो या अधिक उत्तर चिह्नित किए गए हैं तो उसे गलत माना जाएगा और 1 अंक की कटौती होगी।

सेक्शन बी समाप्त

कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू किया गया वैकल्पिक सेक्शन बी अब समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही परीक्षा में अतिरिक्त दिए गए 20 मिनट भी हटा दिए गए हैं।

अब परीक्षा में कुल प्रश्नों की संख्या 200 से घटाकर 180 कर दी गई है और परीक्षा अवधि 200 मिनट से घटाकर 180 मिनट कर दी गई है। अब से उम्मीदवारों को अब 3 घंटे का समय मिलेगा।