राजस्थान के सीकर में एक नीट छात्र के आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सीकर के उद्योग नगर इलाके में 22 वर्षीय उमेश माली का शव सोमवार को उनके फ्लैट से मिला। उमेश को लेकर यह जानकारी मिली है कि वह 21 जून को होने वाली नीट यूजी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

03 मई की परीक्षा में हुआ था शामिल

सीकर पुलिस के मुताबिक, उमेश ने 03 मई को हुई नीट यूजी परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी और वह उसका तीसरा अटैंप्ट था। हालांकि उसने पहले कोचिंग सेंटर्स में पढ़ाई की थी, लेकिन अब वह घर पर री-टेस्ट की तैयारी कर रहा था। उद्योग नगर SHO राजेश कुमार ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उमेश अपनी मां और दो भाई-बहनों के साथ सीकर में एक अपार्टमेंट में रहता था। उसके पिता मुंबई में एक बिजनेसमैन हैं।

NEET Paper Leak 2026: आरोपी यश यादव को राहत, नीट यूजी री एग्जाम और बहन की शादी में शामिल होने की मिली मंजूरी

उमेश के आखिरी शब्द…

राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को उमेश अपनी मां को झुंझुनू में उनके गांव छोड़ कर आया था जबकि उसकी बहन और एक भाई कोचिंग के लिए चले गए थे। उमेश ने जब आत्महत्या की तो वह उस वक्त घर में अकेला था। पुलिस को घटनास्थल से एक लेटर भी बरामद हुआ जिसमें लिखा था, “मैं इस दुनिया से दूर जा रहा हूं, सॉरी।”

पुलिस को परिवार से जांच में सहयोग का इंतजार

पुलिस अधिकारियों ने शुरुआती जांच में इसे सुसाइड ही माना है, लेकिन डिटेल्ड इन्वेस्टिगेशन के लिए परिवार अभी सहयोग करने की हालत में नहीं है। SHO कुमार ने कहा, “मामले के नेचर को देखते हुए परिवार बात करने की हालत में नहीं है। उनकी हालत बेहतर होने पर जांच की जाएगी।”

फीस रिफंड के लिए बैंक अकाउंट अपडेट करने का मिलेगा एक और मौका, नीट री एग्जाम के बाद NTA फिर ओपन करेगा विंडो

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की परिवार के प्रति संवेदना

बता दें कि सीकर में एक महीने के अंदर यह दूसरा मामला है जब नीट छात्र ने सुसाइड किया है। इससे पहले 15 मई को सीकर में प्रदीप माहिच ने सुसाइड कर लिया था। सीकर से आई इन दोनों घटनाओं को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “सीकर में 22 साल के NEET कैंडिडेट उमेश माली के सुसाइड की खबर बहुत चौंकाने वाली है। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके दुखी परिवार के साथ हैं।”

अशोक गहलोत ने आगे कहा, “NEET क्वेश्चन पेपर लीक होने की वजह से राजस्थान में प्रदीप मेघवाल समेत कई स्टूडेंट्स ने अपनी जान दे दी है। यह सुसाइड नहीं है बल्कि क्वेश्चन पेपर लीक सिस्टम के सामने हमारे युवाओं की हिम्मत टूट रही है।” “यह बहुत दुख की बात है कि केंद्र सरकार देश के युवाओं के इस दर्द के प्रति बेपरवाह बनी हुई है।”