नीट यूजी री एग्जाम के रिजल्ट पर उठ रहे सवालों का सिलसिला जारी है। एनटीए की ओर से स्पष्टीकरण देने के बाद भी ऐसे छात्र सामने आ रहे हैं जिन्होंने नीट यूजी री एग्जाम रिजल्ट को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। महाराष्ट्र के बीड़ जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक नीट अभ्यर्थी ने एनटीए पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्टूडेंट का कहना है कि री एग्जाम की आंसर की और OMR शीट का मिलान करते वक्त उनके 522 नंबर बन रहे थे, लेकिन रिजल्ट में उन्हें एनटीए ने सिर्फ और सिर्फ 95 नंबर दिए हैं। इसी से नाखुश छात्र ने मुंबई उच्च न्यायालय की औरंगाबाद बेंच का रुख किया है।
23 जुलाई को होगा मामले की सुनवाई
औरंगाबाद बेंच के समक्ष याचिका दायर करने वाले सोहम नितिन गावते का कहना है कि अंकों में इस भारी अंतर के बारे में ईमेल भेजने के बावजूद जब एनटीए से कोई जवाब नहीं मिला तब जाकर हाईकोर्ट का रूख करना पड़ा। अब औरंगाबाद बेंच इस याचिका पर 23 जुलाई को सुनवाई करेगी। याचिकाकर्ता के अनुसार, उसने 14 जुलाई को जारी नीट यूजी री एग्जाम की ओएमआर शीट का मिलान दो दिन बाद जारी हुई आंसर की से किया था। उसने कुल 148 प्रश्न हल किए थे जिनमें से 136 सही और 12 गलत थे।
एनटीए की ओर से ईमेल का नहीं मिला कोई जवाब
सोहम नितिन गावते का कहना है कि मार्किंग स्कीम के तहत उसके 720 में से 522 अंक बनने चाहिए थे, लेकिन स्कोरकार्ड में महज 95 अंक दर्ज थे। याचिकाकर्ता ने बताया कि उसने 17 और 18 जुलाई को एनटीए को ईमेल भेजकर परिणाम में सुधार की मांग की थी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने अपने वकीलों के माध्यम से उत्तर पुस्तिका के सत्यापन और संशोधित परिणाम पत्र जारी करने की मांग को लेकर रिट याचिका दायर की है।
बता दें कि नीट री एग्जाम के रिजल्ट पर ये कोई पहला सवाल नहीं उठा है। अभी 4-5 स्टूडेंट सवाल उठा चुके हैं, लेकिन एनटीए ने सवाल उठाने वाले छात्रों को यह कहकर चेतावनी दी है कि यह लोग AI से फर्जी OMR शीट बनाकर भ्रामक दावे कर रहे हैं। आर्या सिंह नाम की स्टूडेंट ने एक वीडियो बनाकर जो गंभीर आरोप लगाए थे उससे हलचल मच गई थी।
आर्या सिंह का कहना था कि इसमें सिक्वेंस यानी क्वेश्चन नंबर गलत थे, लेकिन इसमें मुझे कुल 609 नंबर मिले थे। इसके बाद मैंने चैलेंज पोर्टल पर जाकर इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत करने के बाद उसी दिन उन्हें एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट पर अपडेटेड ओएमआर शीट मिली। उनका कहना था कि इस अपडेटेड शीट में सारे सिक्वेंस सही हो गए और उन्हें कुल 609 अंक ही मिले।
