देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाले नीट यूजी री एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया पर कथित पेपर लीक की अफवाह बहुत अधिक फैल रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने नीट री एग्जाम के कथित पेपर को वायरल किए जाने का दावा किया है। इस तरह के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद एग्जाम को स्थगित किए जाने की भी मांग की जा रही है। हालांकि इन सबके बीच एनटीए ने प्रतिक्रिया देते हुए इन सभी दावों को फर्जी बताया है और साथ ही ऐसे यूजर्स से कहा है कि इसकी रिपोर्ट साइबर क्राइम को की जा रही है।
सोशल मीडिया पर क्या दावे किए जा रहे?
X पर कई यूजर्स ने क्वेश्चन पेपर बुकलेट की तस्वीर शेयर की है और यह दावा किया है कि यह शीट नीट री एग्जाम की है। एक यूजर का कहना है कि वायरल हो रही इस बुकलेट ने मेरा ध्यान इसलिए खींचा है क्योंकि इसमें एग्जाम का समय 3.15 घंटे दिया है। बता दें कि री नीट परीक्षा के लिए एनटीए ने 15 मिनट का समय अतिरिक्त देने का ऐलान किया था। यूजर ने इस पोस्ट में एनटीए को टैग किया है। ऐसी ही कई वायरल पोस्ट में कथित पेपर लीक होने की आशंका जताई गई है।
एनटीए ने दी सफाई
नीट री एग्जाम के पेपर लीक के इन दावों को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कहा कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। एनटीए ने अपने जवाब में लिखा, “यह फर्जी है। इसकी रिपोर्ट साइबर क्राइम को की जा रही है।” एनटीए ने पेपर लीक की बात को खारिज किया साथ ही कहा कि इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले को साइबर क्राइम अधिकारियों के पास रिपोर्ट किया जा रहा है।
परीक्षा की सुरक्षा को लेकर NTA दे रहा भरोसा
बता दें की नीट री एग्जाम 21 जून को आयोजित होना है। यह परीक्षा 03 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक की वजह से परीक्षा को 10 दिन के बाद रद्द कर दिया गया। इसके बाद एनटीए ने फैसला किया कि दोबारा परीक्षा होगा और यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। नीट यूजी री एग्जाम को लेकर एनटीए ने खास बंदोबस्त किए हैं।
सरकार ने पेपर को सेंटर तक पहुंचाने के लिए इंडियन एयरफोर्स की मदद लेने का भी ऐलान किया था। वायुसेना का Mi-17 हेलीकॉप्टर इस काम में लगाया जाएगा। इसके अलावा एग्जाम सेंटर पर तैनात अधिकारियों के लिए खास ट्रेनिंग आयोजित की जा रही है। पेपर तैयार करने वाले एक्सपर्ट को कहीं अज्ञात जगह पर पेपर खत्म होने तक रखा जाएगा।
