नीट री एग्जाम 2026 की प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने का आखिरी मौका उम्मीदवारों के पास है। दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) आज (28 जून 2026) रात 11:50 बजे ऑनलाइन चैलेंज विंडो बंद कर देगा। जिन कैंडिडेट्स ने 21 जून को आयोजित नीट री एग्जाम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी वह चैलेंज विंडो के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। बता दें कि एनटीए ने नीट री एग्जाम की प्रोविजनल आंसर की 25 जून 2026 को जारी की थी और उसी दिन चैलेंज विंडो भी ओपन हो गई थी।
कैंडिडेट्स को देनी होगी 200 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस
नीट री एग्जाम की प्रोविजनल आंसर की पर अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए उम्मीदवारों को 200 रुपये की नॉन-रिफंडेबल प्रोसेसिंग फीस अदा करनी होगी। बता दें कि एनटीए ने देश भर में 20 लाख से अधिक रजिस्टर्ड कैंडिडेट के लिए नीट री एग्जाम 21 जून को कंडक्ट किया था। इससे पहले नीट री एग्जाम 03 मई को आयोजित हुआ था जो पेपर लीक के चलते रद्द कर दिया गया था।
ऑब्जेक्शन विंडो बंद होने के बाद आगे की प्रक्रिया
नीट यूजी री एग्जाम की प्रोविजनल आसंर की पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए खोली गई चैलेंज विंडो बंद होने के बाद एनटीए की ओर से एक पैनल सबमिट किए गए ऑब्जेक्शन का इवैल्यूएशन पूरा करेगा और अलग-अलग ऑप्टिकल मार्क रिकॉग्निशन (OMR) शीट की स्कैनिंग और वेरिफिकेशन को फाइनल करेगा। अगर उम्मीदवारों की आपत्तियां सही पाई जाती हैं तो संशोधन के साथ फाइनल आंसर की जारी होगी और उसी के आधार पर रिजल्ट जारी किया जाएगा।
रिजल्ट कब हो सकता है जारी?
नीट यूजी री एग्जाम की फाइनल आंसर की के आधार पर इस एग्जाम का रिजल्ट जारी किया जाएगा। अभी रिजल्ट को लेकर एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि नीट यूजी री एग्जाम का रिजल्ट अगले महीने यानी जुलाई में जारी कर दिया जाएगा। रिजल्ट के साथ-साथ मेरिट रैंक और कट ऑफ भी जारी किया जाएगा।
ऐसे दर्ज करें Answer Key पर आपत्ति
यदि किसी उत्तर पर उम्मीदवार को संदेह है तो वह ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है।
स्टेप 1. आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करें।
स्टेप 2. Challenge Answer Key विकल्प पर क्लिक करें।
स्टेप 3. संबंधित प्रश्न का चयन करें।
स्टेप 4. आवश्यक दस्तावेज या प्रमाण अपलोड करें।
स्टेप 5. प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क का भुगतान करें।
स्टेप 6. आवेदन सबमिट करने के बाद उसकी रसीद डाउनलोड कर लें।
