देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा को लेकर एनटीए की ओर से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल, नागपुर के एक स्टूडेंट को नीट री एग्जाम का सेंटर अबू धाबी के एक स्कूल में मिला है। इस छात्र के पिता ने मीडिया के सामने आकर यह दावा किया है कि उनके बेटे को अबू धाबी के एक स्कूल में सेंटर दे दिया है। पिता ने बताया कि उनका बेटा सदमे में है। हालांकि हमने एनटीए को इसकी शिकायत कर दी है और एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि शनिवार शाम तक आपका सेंटर बदल दिया जाएगा और नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
छात्र के पिता ने क्या बताया?
जानकारी के मुताबिक, नागपुर के स्टूडेंट अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब के परिवार का दावा है कि एग्जाम प्रोसेस में कथित टेक्निकल गड़बड़ी की वजह से अबू धाबी में एग्जामिनेशन सेंटर दिया गया है। अब्दुल्ला तालिब के पिता ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए बताया कि उन्होंने शुक्रवार शाम को एडमिट कार्ड डाउनलोड किया था तो देखा कि सेंटर अबू धाबी मिला है। इसकी शिकायत उन्होंने एनटीए से की तो उनकी तरफ से कहा गया कि आप हमें मेल कर दीजिए, हमने सारी जानकारी उन्हें मेल कर दी है। एनटीए की तरफ से कहा गया है कि शनिवार शाम तक आपको नया सेंटर दे दिया जाएगा।
NEET-UG के री-एग्जाम से पहले देशभर में एनटीए की मॉक ड्रिल, 551 शहरों में बनाए गए सेंटर
‘नागपुर और वर्धा चुना था ऑप्शन’
छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने कहा है कि एनटीए ने एडमिट कार्ड भले ही 14 जून को जारी कर दिया था, लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो रहा था, कल (शुक्रवार) शाम 4 बजे के करीब एडमिट कार्ड डाउनलोड हुआ तो देखा कि एग्जाम सेंटर अबू धाबी के एक स्कूल में मिला था। उन्होंने आगे कहा कि हम लोग बहुत हैरान हो गए कि हमने तो ऐसा कुछ ऑप्शन चुना ही नहीं था, हमने फॉर्म भरने के दौरान नागपुर और वर्धा की चॉइस डाली थी, लेकिन सेंटर दे दिया अबू धाबी में, ये देखकर हमारा बच्चा बहुत गहरे सदमे में है। वह किसी से कोई बातचीत नहीं कर रहा है।
‘हमें नागपुर में ही दिया जाए सेंटर’
छात्र के पिता ने आगे बताया कि हमने एनटीए की हेल्पलाइन पर संपर्क किया तो उन्होंने हमसे मेल पर जानकारी मांगी और हमने उन्हें सारी जानकारी दे दी है। एनटीए की तरफ से कहा गया है कि वह शनिवार शाम 4 बजे तक नया एडमिट कार्ड जारी कर देंगे जिसमें सेंटर बदल दिया जाएगा। छात्र के पिता ने कहा कि हमारी मांग यही है कि उनके बेटे को अब सेंटर नागपुर में ही दिया जाए क्योंकि वह सदमे में है और किसी दूसरे जिले में जाने का समय नहीं है। कल वो बहुत रोया और परीक्षा भी नहीं देना चाह रहा था लेकिन उसकी मां ने उसे समझाने की कोशिश की।
एनटीए ने दी प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर एनटीए की ओर से भी प्रतिक्रिया आ गई है। एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एनटीए ने कहा है कि नीट कैंडिडेट को अबू धाबी में लिस्टेड सेंटर की समस्या को सुलझाया जा रहा है। कुछ ही घंटों में इस समस्या को हल करके सही वेरिफिकेशन के बाद छात्र को नागपुर में ही एक सेंटर दिया जाएगा।
कांग्रेस ने साधा निशाना
वहीं इस मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि ये घटना होनहार बच्चों की मेहनत और भविष्य के साथ बेहद घटिया मजाक है, जो पहले से ही परीक्षा के मानसिक दबाव से जूझ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी, धर्मेंद्र प्रधान और उनके नाकारा सिस्टम ने छात्रों और उनके परिवारों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
