NEET PG 2026 Registration: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने नीट पीजी 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड ने कहा है कि नीट पीजी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और विस्तृत सूचना पुस्तिका जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
आवेदन शुरू होने से पहले NBEMS ने उम्मीदवारों को आवेदन पत्र भरने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और नए नियमों की जानकारी दी है। इस बार टेस्ट सिटी अलॉटमेंट, आधार सत्यापन, दस्तावेज अपलोड और आवेदन में सुधार से जुड़े कई अहम बदलाव किए गए हैं।
पहले आवेदन करने वालों को नहीं मिलेगा कोई फायदा
NBEMS ने साफ किया है कि इस बार टेस्ट सिटी का आवंटन ‘फर्स्ट-कम, फर्स्ट-सर्व’ आधार पर नहीं होगा। यानी आवेदन सबसे पहले जमा करने वाले उम्मीदवार को पसंदीदा परीक्षा शहर मिलने की कोई गारंटी नहीं होगी। इसलिए उम्मीदवारों को जल्दबाजी में आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
आवेदन में चुनने होंगे 3 पसंदीदा राज्य
नीट पीजी 2026 आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को तीन पसंदीदा टेस्ट स्टेट चुनने होंगे। पहला राज्य वही होना चाहिए जो आवेदन में दिए गए कॉरेस्पोंडेंस एड्रेस का राज्य हो। बाकी दो विकल्प पड़ोसी राज्यों के होने चाहिए।
हालांकि एनबीईएमएस ने यह कहा है कि प्रशासनिक, सुरक्षा, तकनीकी या अन्य कारणों से उम्मीदवारों को देश के किसी भी परीक्षा केंद्र या शहर में परीक्षा देने के लिए आवंटित किया जा सकता है।
आवेदन के बाद नहीं बदलेगा कॉरेस्पोंडेंस एड्रेस
एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को आवेदन भरते समय कॉरेस्पोंडेंस एड्रेस बेहद सावधानी से दर्ज करने की सलाह दी है क्योंकि एक बार आवेदन जमा होने के बाद कॉरेस्पोंडेंस एड्रेस और प्रिफर्ड टेस्ट स्टेटस में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। यह सुविधा करेक्शन विंडो में भी उपलब्ध नहीं होगी।
Address Proof के लिए मान्य दस्तावेज
उम्मीदवार निम्नलिखित दस्तावेजों में से कोई एक अपलोड कर सकते हैं
आधार कार्ड (पते सहित)
वोटर आईडी
पासपोर्ट
ड्राइविंग लाइसेंस
राशन कार्ड
सक्षम राज्य प्राधिकारी द्वारा जारी डोमिसाइल/रेजिडेंस सर्टिफिकेट
हाल की फोटो और सही दस्तावेज अपलोड करना जरूरी
NBEMS के अनुसार उम्मीदवारों को पिछले तीन महीने के भीतर खिंचवाई गई पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करनी होगी। इसके साथ ही हस्ताक्षर और अन्य निर्धारित इमेज भी निर्देशों के अनुसार अपलोड करनी होंगी। यदि फोटो धुंधली, एडिट की गई, मॉर्फ्ड या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होगी तो आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है या एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।
इन दस्तावेजों की भी पड़ सकती है जरूरत
उम्मीदवारों को पात्रता और श्रेणी के अनुसार एमबीबीएस डिग्री या प्रोविज़नल सर्टिफ़िकेट, इंटर्नशिप पूरी होने का सर्टिफिकेट, स्टेट मेडिकल काउंसिल रजिस्ट्रेशन, नियुक्ति आदेश
सर्विस सर्टिफ़िकेट और अस्पताल कर्मचारी आईडी जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने पड़ सकते हैं।
आवेदन जमा करने से पहले हर जानकारी जांच लें
NBEMS ने कहा है कि आवेदन जमा होने के बाद उम्मीदवारों द्वारा दर्ज की गई जानकारी में बदलाव नहीं किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को विशेष रूप से जन्मतिथि, श्रेणी, पीडब्ल्यूबीडी स्टेटस, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और अन्य व्यक्तिगत विवरण जैसी जानकारियों की जांच ध्यान से करनी चाहिए।
बोर्ड ने बताया कि यही जानकारी आगे काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया में भी उपयोग की जा सकती है। इसलिए गलत जानकारी भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है।
NEET PG 2026 में आधार ऑथेंटिकेशन लागू
इस वर्ष नीट पीजी 2026 में आधार आधारित ऑथेंटिकेशन और वेरिफिकेशन की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके लिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि, आवेदन में सही आधार संख्या दर्ज करें और परीक्षा केंद्र जाने से पहले अपना आधार अनलॉक रखें।
इसके अलावा परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को उंगलियों या हथेलियों पर मेहंदी, स्याही, पेंट या किसी अन्य पदार्थ का उपयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे बायोमेट्रिक सत्यापन प्रभावित हो सकता है।
यदि आधार आधारित सत्यापन सफल नहीं होता है तो आवश्यकता पड़ने पर आइरिस रिकग्निशन जैसे वैकल्पिक माध्यम का उपयोग किया जा सकता है।
कब शुरू होगा नीट पीजी 2026 रजिस्ट्रेशन?
NBEMS ने फिलहाल केवल एडवाइजरी जारी की है। आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी, जबकि विस्तृत इंफॉर्मेशन बुलेटिन और ऑनलाइन आवेदन की तारीखें आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएंगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।
