नीट यूजी पेपर लीक मामले में मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को दिल्ली में भारी विरोध प्रदर्शन किया गया। नीट पेपर लीक मामले को लेकर NSUI और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन किए। NSUI कार्यकर्ताओं ने एनटीए दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया तो वहीं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही दोनों जगहों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने दोनों जगह से प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के ओखला स्थित NTA मुख्यालय के बाहर NSUI कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों के खिलाफ नारेबाजी की और NTA को खत्म करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पेपर लीक कांड ने लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने NSUI के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्रों को वहां से खदेड़ना शुरू कर दिया। दोनों जगहों पर सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। वहीं शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर भी नारेबाजी के दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया।

NEET UG 2026 Re-exam Admit Card: नीट यूजी री एग्जाम के लिए कब जारी होंगे एडमिट कार्ड? एनटीए ने सिटी और एड्रेस बदलने का दिया मौका

सीबीआई ने मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

बता दें कि एनटीए की कार्यप्रणाली, परीक्षा प्रक्रिया में लगातार सामने आ रही अनियमितता और अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ किए गए इस प्रदर्शन में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग गई। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने एनटीए को बर्खास्त करने और महानिदेशक को हटाने की मांग भी की। बता दें कि एनटीए ने 03 मई को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा को पेपर लीक के चलते 12 मई को रद्द कर दिया था। साथ ही इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। सीबीआई की टीम ने शुक्रवार को इस पेपर लीक के मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी को भी गिरफ्तार कर लिया।

21 जून को होगा नीट यूजी री एग्जाम

नीट यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद 22 लाख से अधिक कैंडिडेट्स को झटका लगा, लेकिन एनटीए ने एक हफ्ते के भीतर ही री एग्जाम की डेट घोषित कर दी। नीट यूजी री एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा जिसमें वहीं उम्मीदवार शामिल होंगे जो 03 मई की परीक्षा में शामिल हुए थे। नीट यूजी री एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी होने की संभावना है।