नीट यूजी पेपर लीक 2026 मामले के आरोपी यश यादव को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दरअसल, कोर्ट ने आरोपी यश को नीट री एग्जाम में शामिल होने और बहन की शादी अटैंड करने की परमिशन दे दी है। नीट री एग्जाम देशभर में 21 जून को आयोजित किया जाएगा। यश यादव को यह परमिशन देते हुए अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि शिक्षा एक मौलिक अधिकार है, इससे किसी को वंचित नहीं किया जा सकता।

Explainer: नीट एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर क्यों लगी अस्थाई रोक? इस प्लेटफॉर्म पर ही क्यों वायरल होते हैं पेपर

आरोपी ने मांगी थी 15 दिन की जमानत

बता दें कि नीट पेपर लीक के आरोपी यश यादव ने 21 जून को होने वाले NEET-UG री-टेस्ट में बैठने और अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अदालत से 15 दिन की अंतरिम जमानत मांगी थी। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में सुनवाई के दौरान, कोर्ट ने यह कहते हुए अर्जी पर विचार टाल दिया था कि उस समय यह रिक्वेस्ट करना जल्दबाजी होगी और आरोपी को अभी तक एडमिट कार्ड भी नहीं मिला है। ऐसे में कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 16 जून निर्धारित कर दी थी।

यश पर क्या हैं आरोप?

बता दें कि यश यादव नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए 13 लोगों में से एक आरोपी हैं। यश को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया था, जब उसे 27 साल के BAMS स्टूडेंट शुभम खैरनार से लीक हुआ पेपर मिला था। इसके बाद यादव ने कथित तौर पर इसे जयपुर के रहने वाले मांगीलाल बिवाल को 10 लाख रुपए में बेचा था। जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह डील कम से कम 150 सवालों के असली NEET पेपर से मेल खाने पर निर्भर थी।

सीबीआई की पूछताछ के दौरान इस मामले के मुख्य आरोपी खैरनार ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया था कि उसने यादव को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से क्वेश्चन पेपर भेजा था और बदले में उसे 15 लाख रुपए मिले थे।

इन तीन आरोपियों से पूछताछ करेगी CBI

दिल्ली की एक कोर्ट ने सोमवार को CBI को पेपर लीक केस में तीन आरोपियों से जेल में रहते हुए पूछताछ करने की इजाज़त दे दी। तीनों आरोपी मनीषा संजय वाघमारे, धनुंजय निवृत्ति लोखंडे और शुभम मधुकर खैरनार हैं। CBI ने कोर्ट को बताया कि वे इस केस में मुख्य आरोपी हैं और जांच के हिस्से के तौर पर उनसे और पूछताछ की जरूरत है। वाघमारे से 17 जून को, लोखंडे से 18 जून को और खैरनार से 19 जून को पूछताछ की जाएगी।