NCERT Diploma Course 2026: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए 40 सप्ताह के ऑनलाइन मिडिल स्टेज पर विज्ञान शिक्षण में डिप्लोमा कोर्स (Diploma Course in Teaching of Science at Middle Stage) की घोषणा की है। वर्ष 2026-27 के इस कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जिसमें इच्छुक उम्मीदवार 12 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
NCERT का साइंस टीचिंग डिप्लोमा
एनसीईआरटी का यह प्रोग्राम खासतौर पर मिडिल स्टेज यानी कक्षा 6 से 8 में विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों के विषय ज्ञान और शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कोर्स ऑनलाइन MOOC के रूप में चलेगा और इसमें मल्टीमीडिया आधारित इंटरैक्टिव अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस कोर्स में कुल 40 मॉड्यूल होंगे और प्रत्येक सप्ताह एक नया मॉड्यूल उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें एक मॉड्यूल को पूरा करने में औसतन 6 से 8 घंटे का समय लग सकता है।
NCERT Diploma Course 2026: महत्वपूर्ण तारीखें
| विवरण | तारीख/जानकारी |
|---|---|
| कोर्स का नाम | डिप्लोमा कोर्स इन टीचिंग ऑफ साइंस एट मिडिल स्टेज |
| सत्र | 2026-27 |
| रजिस्ट्रेशन शुरू | 12 अक्टूबर 2026 |
| आवेदन की अंतिम तारीख | 12 नवंबर 2026 |
| कोर्स शुरू | 16 नवंबर 2026 |
| संभावित समाप्ति | 31 अगस्त 2027 |
| अवधि | 40 सप्ताह |
| कुल मॉड्यूल | 40 |
| साप्ताहिक अध्ययन समय | 6-8 घंटे |
| फीस | 2,000 रुपये |
| माध्यम | ऑनलाइन |
| प्लेटफॉर्म | NCERTX |
एनसीईआरटी साइंस टीचिंग डिप्लोमा में कौन कर सकता है आवेदन?
एनसीईआरटी के इस ऑनलाइन कोर्स में कई तरह के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इनमें मुख्य रूप से जो लोग आवेदन कर सकते हैं, उनकी जानकारी इस प्रकार है।
बीएसी डिग्री रखने वाले उम्मीदवार।
कक्षा 6 से 8 में विज्ञान पढ़ाने वाले इन-सर्विस शिक्षक।
शिक्षा में डिप्लोमा या डिग्री कर चुके उम्मीदवार।
शिक्षा में डिप्लोमा या डिग्री कर रहे प्री-सर्विस शिक्षक।
विज्ञान शिक्षा से सीधे जुड़े अन्य इच्छुक व्यक्ति।
साइंस टीचिंग डिप्लोमा में किन विषयों की पढ़ाई होगी?
कोर्स में कक्षा 6 से 8 के स्तर पर पढ़ाए जाने वाले विज्ञान के प्रमुख कॉन्सेप्ट को शामिल किया गया है। उपलब्ध कोर्स विवरण के अनुसार इसमें भौतिक और रासायनिक परिवर्तन, अम्ल-क्षार एवं लवण, धातु-अधातु, गति एवं बल, द्रव का दाब, ऊर्जा, ऊष्मा एवं तापमान, प्रकाश, बिजली एवं चुंबकत्व और ध्वनि जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अलावा पदार्थ की कण प्रकृति, प्रारंभिक खगोल विज्ञान, सूक्ष्मजीव, कोशिका, प्रकाश संश्लेषण, पाचन, श्वसन, रक्त संचार, उत्सर्जन, पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता जैसे विषयों को भी कोर्स में जगह दी गई है।
एनसीईआरटी साइंस डिप्लोमा कोर्स की फीस कितनी है ?
एनसीईआरटी के इस ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स के लिए एकमुश्त 2,000 रुपये की एनरोलमेंट फीस निर्धारित की गई है और इस फीस का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। भुगतान के बाद उम्मीदवार को NCERTX की ओर से एनरोलमेंट पूरा करने के निर्देश ईमेल के माध्यम से मिलेंगे।
हर सप्ताह देना होगा इतना समय
एनसीईआरटी का यह कोर्स नौकरी या पढ़ाई के साथ किया जा सके, इस तरह डिजाइन किया गया है। हर सप्ताह एक नया मॉड्यूल खोला जाएगा और प्रत्येक मॉड्यूल को पूरा करने के लिए लगभग 6 से 8 घंटे के अध्ययन की जरूरत होगी।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए उम्मीदवार अपने रजिस्टर्ड अकाउंट से कोर्स सामग्री को एक्सेस कर सकेंगे। इसके लिए लैपटॉप या डेस्कटॉप और इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत होगी।
फाइनल एग्जाम भी होगा
कोर्स के प्रत्येक मॉड्यूल के अंत में ऑब्जेक्टिव टेस्ट होगा, जिसमें प्रत्येक टेस्ट को पूरा करने के लिए 15 दिनों की विंडो दी जाएगी। जो उम्मीदवार सभी 40 मॉड्यूल पूरे करेंगे और सभी 40 मॉड्यूल टेस्ट में शामिल होंगे, उन्हें फाइनल परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी। उम्मीदवारों के लिए फाइनल परीक्षा की तारीख अलग से घोषित की जाएगी।
मिलेगा NCERT का ई-सर्टिफिकेट
सभी आवश्यक मॉड्यूल और परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूरी करने वाले प्रतिभागियों को एनसीईआरटी की ओर से “टीचिंग ऑफ साइंस एट मिडिल स्टेज” का ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
NCERT Science Teaching Diploma 2026 के लिए कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
इच्छुक उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद NCERTX के आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को पात्रता, फीस, कोर्स की शर्तों और ऑनलाइन एनरोलमेंट से जुड़े निर्देशों को ध्यान से पढ़ लेना चाहिए।
