शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार (उच्च शिक्षण संस्थान एवं पॉलिटेक्निक) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक शिक्षक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस पुरस्कार प्रक्रिया में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) संस्थागत भागीदार के रूप में शामिल है।

इस पुरस्कार का उद्देश्य देशभर के तकनीकी और गैर-तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थानों तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में कार्यरत उत्कृष्ट शिक्षकों और फैकल्टी सदस्यों को सम्मानित करना है।

किन श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार?

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, कैटेगरी-I के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को तीन उप-श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे:

इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर और संबंधित क्षेत्र

शुद्ध विज्ञान, जिसमें गणित, भौतिक विज्ञान, जैविक विज्ञान, रासायनिक विज्ञान, चिकित्सा और फार्मेसी शामिल हैं।

कला, सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषाएं, विधि अध्ययन, वाणिज्य और प्रबंधन

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह सूची संकेतात्मक है और इसमें उच्च शिक्षा से जुड़े उभरते ज्ञान क्षेत्रों को भी शामिल किया जा सकता है।

वहीं कैटेगरी-II में पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षक और फैकल्टी सदस्य शामिल होंगे।

कौन कर सकता है आवेदन?

इन पुरस्कारों के लिए नियमित रूप से कार्यरत कॉलेज, विश्वविद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक के शिक्षक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए पात्रता शर्तें:

कम से कम 5 वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव

स्नातक और/या स्नातकोत्तर स्तर पर अध्यापन अनुभव

आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्र 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए

कौन नहीं कर सकता आवेदन?

नियमित या कार्यवाहक कुलपति, निदेशक और प्राचार्य आवेदन के पात्र नहीं होंगे। हालांकि, जो व्यक्ति पहले इन पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में सक्रिय सेवा में हैं तथा उनकी आयु 55 वर्ष से कम है, वे आवेदन कर सकते हैं।

नामांकन कैसे करें?

नामांकन तीन तरीकों से किया जा सकता है:

स्वयं नामांकन (Self Nomination)

संस्थान प्रमुख द्वारा नामांकन

उसी संस्थान के सहकर्मियों द्वारा पीयर नामांकन

सभी आवेदन निर्धारित प्रारूप में राष्ट्रीय पुरस्करा पोर्टल पर ऑनलाइन जमा करने होंगे।

आवेदन की अंतिम तिथि

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

सहायता के लिए संपर्क करें

यदि आवेदन से संबंधित कोई समस्या हो तो अभ्यर्थी AICTE से संपर्क कर सकते हैं, जिसके लिए ईमेल: helpdesknataward26@aicte-india.org और फोन नंबर 011-29581051, 011-295811236 पर सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक शिक्षक आधिकारिक पोर्टल awards.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं।