बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर के बाद उनके जीवन और करियर से जुड़ी कई बातें चर्चा में हैं। नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में 8 अक्टूबर 2026 को गोवा स्थित घर पर निधन हुआ। रिपोर्टों के अनुसार उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था।
नाना पाटेकर ने फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई, लेकिन उनके प्रशंसकों के बीच यह सवाल भी खूब पूछा जाता है कि नाना पाटेकर कितने पढ़े-लिखे थे और उन्होंने कहां से पढ़ाई की थी? उनकी शिक्षा सामान्य अकादमिक डिग्री तक सीमित नहीं थी, बल्कि उन्होंने एप्लाइड आर्ट की पढ़ाई की थी। यही कला आगे चलकर उनके शुरुआती पेशेवर जीवन का हिस्सा भी बनी।
नाना पाटेकर कितने पढ़े-लिखे थे?
नाना पाटेकर की शुरुआती पढ़ाई मुंबई के समर्थ विद्यालय, दादर वेस्ट से हुई थी। स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध सर जे.जे. स्कूल ऑफ आर्ट और सर जे.जे. इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाईड आर्ट में पढ़ाई की। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने यहां एप्लाइड आर्ट में डिप्लोमा हासिल किया था। यानी नाना पाटेकर की शिक्षा का मुख्य क्षेत्र आर्ट और डिजाइन रहा था। अभिनय में आने से पहले उनका जुड़ाव कला और थिएटर से हो चुका था।
नाना पाटेकर की एजुकेशन संक्षिप्त विवरण
| जानकारी | विवरण |
|---|---|
| नाम | नाना पाटेकर |
| पूरा नाम | विश्वनाथ पाटेकर |
| स्कूली शिक्षा | समर्थ विद्यालय, दादर वेस्ट, मुंबई |
| उच्च शिक्षा | सर जे.जे. स्कूल ऑफ आर्ट और सर जे.जे. इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाईड आर्ट |
| क्षेत्र | एप्लाइड आर्ट |
| योग्यता | एप्लाइड आर्ट में डिप्लोमा |
| करियर की शुरुआत | कमर्शियल आर्ट, थिएटर |
| फिल्म डेब्यू | 1978, ‘गमन’ |
पढ़ाई के साथ शुरू हो गया था नाना पाटेकर का संघर्ष
नाना पाटेकर का बचपन आर्थिक संघर्ष से भरा रहा। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पिता के कारोबार को नुकसान पहुंचने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई थी। उस समय वह स्कूल में पढ़ रहे थे और परिवार की मदद करने के लिए काम भी करने लगे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने किशोरावस्था में फिल्म पोस्टर पेंट करने का काम शुरू किया था और इसके लिए उन्हें करीब 35 रुपये महीने मिलते थे और एक वक्त का खाना भी मिलता था। यानी जिस दौर में उनकी उम्र पढ़ाई और भविष्य की तैयारी करने की थी, उसी समय नाना पाटेकर परिवार की आर्थिक मदद के लिए काम भी कर रहे थे।
पोस्टर बनाने से शुरू हुआ नाना पाटेकर की कला का सफर
नाना पाटेकर की एप्लाइड आर्ट की पढ़ाई उनके शुरुआती काम से भी जुड़ी हुई थी। उन्होंने कमर्शियल आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया। बाद में उनका झुकाव थिएटर की तरफ बढ़ता गया और अभिनय उनका मुख्य करियर बन गया। यह भी उनकी कहानी की खास बात है कि उन्होंने सीधे बॉलीवुड में कदम रखकर सफलता हासिल नहीं की। थिएटर में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्हें फिल्मों में पहचान मिली।
नाना पाटेकर ने कब शुरू किया था एक्टिंग करियर?
नाना पाटेकर ने 1978 में फिल्म ‘गमन’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में उन्हें कई फिल्मों में छोटे और सहायक किरदार मिले, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपनी दमदार अदाकारी से अलग पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने परिंदा, क्रांतिवीर, अग्निसाक्षी, अब तक छप्पन, राजनीति, वेलकम और नटसम्राट जैसी फिल्मों ने उनके अभिनय के अलग-अलग रंग दिखाए।
पढ़ाई के बाद विज्ञापन एजेंसी काम करते थे नाना पाटेकर
एप्लाइड आर्ट की पढ़ाई पूरी करने के बाद नाना पाटेकर ने कुछ समय तक कमर्शियल आर्टिस्ट के तौर पर काम किया। बाद में उन्होंने थिएटर को अपना मुख्य रास्ता बनाया, जो बताता है कि, उनका आर्ट्स की पढ़ाई उनके लिए सिर्फ एक डिग्री या डिप्लोमा तक सीमित नहीं रही बल्कि उन्होंने इसे अपने काम में भी इस्तेमाल किया।
नाना पाटेकर की पढ़ाई से क्या सीख मिलती है?
नाना पाटेकर की कहानी का दिलचस्प पहलू यह है कि उन्होंने जिस क्षेत्र की पढ़ाई की, उसी क्षेत्र से जुड़े काम से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन बाद में थिएटर और अभिनय में अपनी अलग पहचान बनाई।
उनकी जिंदगी यह भी दिखाती है कि करियर हमेशा एक ही दिशा में आगे नहीं बढ़ता। कोई व्यक्ति एक विषय की पढ़ाई करके दूसरे क्षेत्र में सफल हो सकता है, बशर्ते वह अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार रास्ता चुनने का साहस रखता हो।
