देश की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों भारी बारिश से बेहाल है। पिछले एक सप्ताह से मुंबई में बारिश की वजह से हालात बहुत अधिक खराब हो गए हैं। एहतियात के तौर पर बीएमसी ने सोमवार (06 जुलाई 2026) को मुंबई के सभी सरकारी, प्राइवेट और सिविक स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी। बीएमसी ने यह फैसला स्टूडेंट्स की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए लिया है क्योंकि मुंबई में मानसून की बारिश का असर अभी और एक हफ्ता रहने की संभावना है। ऐसे में मुंबई के स्कूल-कॉलेज अभी आगे भी बंद रह सकते हैं।

मुंबई यूनिवर्सिटी में टाल दिए गए एग्जाम

IMD ने मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के चलते ही मुंबई में स्कूल-कॉलेजों को बंद किया जा चुका है और मुंबई यूनिवर्सिटी ने 6 जुलाई को होने वाली परीक्षाएं भी टाल दी हैं। यूनिवर्सिटी ने कहा कि बदली हुई परीक्षा की तारीखें अलग से बताई जाएंगी, जबकि मौजूदा हॉल टिकट रीशेड्यूल की गई परीक्षाओं के लिए वैलिड रहेंगे।

मौसम का हाल: उत्तर भारत में उमस बढ़ी, पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट

ओडिशा में भी बारिश के चलते स्कूल बंद

मुंबई के साथ-साथ बारिश ने ओडिशा में भी हालात खराब कर दिए हैं। यहां भी भारी बारिश के चलते ओडिशा के कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। राज्य में लगातार तीसरे दिन भी मॉनसून की बारिश का अलर्ट है। IMD ने 7 जुलाई के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के कटक, कंधमाल, संबलपुर, सोनेपुर और बरगढ़ जिलों में सोमवार को एजुकेशनल इंस्टिट्यूट बंद रहे। मौसम विभाग ने बरगढ़, संबलपुर, अंगुल, सोनेपुर, बौध, नुआपाड़ा और बोलनगीर जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बारिश से यातायात पड़ा ठप

ओडिशा के प्रभावित जिलों और मुंबई में बारिश की वजह से सिर्फ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट पर असर नहीं पड़ रहा है बल्कि इन जगहों पर यातायात सिस्टम भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। सड़क से लेकर रेल मार्ग तक बारिश की वजह से हर रफ्तार धीमी पड़ गई है। वेस्टर्न रेलवे नेटवर्क पर वसई रोड और विरार स्टेशनों के बीच पानी भरने की वजह से लोकल ट्रेनें अपने तय समय से 15 से 20 मिनट पीछे चल रही हैं। साथ ही कई ट्रेनें कैंसिल भी की जा रही हैं। वहीं ओडिशा के भी प्रभावित जिलों में प्रशासन ने लोगों को 6 और 7 जुलाई को सतर्क रहने के लिए कहा है। अधिकारियों ने लोगों को यह सलाह दी है कि वह संभव हो सके तो अपने घरों में ही रहें।