मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (MPBSE) की सेकंड बोर्ड परीक्षा के लिए चल रही आवेदन प्रक्रिया 22 अप्रैल को समाप्त होगी। बोर्ड ने 15 अप्रैल से ही रजिस्ट्रेशन प्रोसस शुरू कर दिया था जिस दिन मुख्य परीक्षा परिणाम की घोषणा हुई थी। 10वीं और 12वीं की सेकंड चांस बोर्ड परीक्षा 7 मई 2026 से शुरू होंगी और 25 मई 2026 तक चलेंगी। इस दौरान 10वीं की परीक्षा 19 मई तक चलेंगी जबकि 12वीं की परीक्षा 25 मई तक चलेंगी। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक होंगी।
कौन दे सकता है सेकंड बोर्ड परीक्षा?
बता दें कि जो स्टूडेंट्स एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षा में फेल हुए हैं, अनुपस्थित रहे थे या फिर अपने मार्क्स से संतुष्ट नहीं हैं वह सभी सेकंड बोर्ड एग्जाम में उपस्थित हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें सबसे पहले एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वह बोर्ड की अधिसूचना को जरूर पढ़ लें।
इस साल कैसा रहा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट?
मध्य प्रदेश बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था। इस साल 10वीं कक्षा में 73.42 प्रतिशत और 12वीं में कुल 76.01 प्रतिशत बच्चे पास हुए थे। 12वीं में कुल 79.41 फीसदी लड़कियां पास हुई थीं, जबकि 10वीं में 77.52 फीसदी छात्राएं पास हुई थीं तो वहीं 69.31 फीसदी छात्र पास हुए थे। प्रतिभा सिंह सोलंकी ने क्लास 10 की परीक्षा में 500 में से 499 नंबर लाकर टॉप रैंक हासिल की थी। वहीं 12वीं में खुशी ने टॉप किया था।
मिनिमम पासिंग मार्क्स नहीं आए तो क्या होगा?
सेकंड बोर्ड एग्जाम में जो स्टूडेंट उपस्थित होने वाले हैं उन्हें यह ध्यान रखने की जरूरत है कि मुख्य बोर्ड परीक्षा की तरह इन परीक्षाओं में भी पास होने के लिए कम से कम 33 फीसदी नंबर लाने होंगे। अगर कोई छात्र इन परीक्षाओं में मिनिमम मार्क्स नहीं ला पाते हैं तो उन्हें दोबारा से उस कक्षा में पढ़ाई करनी होगी।
