उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक आसान, पारदर्शी और उम्मीदवारों के अनुकूल बनाने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रणाली शुरू कर दी है। अब अभ्यर्थियों को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) और आयोग की अन्य भर्तियों के लिए हर बार अलग-अलग आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी भरने की जरूरत नहीं होगी।

नई व्यवस्था के तहत उम्मीदवारों को केवल एक बार OTR यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद उनकी बेसिक जानकारी आयोग के पोर्टल पर सुरक्षित रहेगी और भविष्य में किसी भी भर्ती के आवेदन के दौरान वही जानकारी स्वतः उपलब्ध हो जाएगी।

क्या है UPSSSC OTR सिस्टम?

OTR यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन ऐसी व्यवस्था है जिसमें उम्मीदवार अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी केवल एक बार दर्ज करते हैं। इसके बाद आयोग की सभी आगामी भर्तियों में आवेदन करते समय बार-बार वही जानकारी भरने की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है और इसका उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है।

OTR में कौन-कौन सी जानकारी भरनी होगी?

रजिस्ट्रेशन के दौरान अभ्यर्थियों को नाम, माता और पिता का नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, जाति संबंधी विवरण, स्थायी और पत्राचार का पता, शैक्षणिक योग्यता, पिछले छह महीने के भीतर खिंची गई रंगीन फोटो और निर्धारित प्रारूप में हस्ताक्षर की जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके अलावा मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का सत्यापन भी अनिवार्य होगा।

OTR नंबर मिलने के बाद नहीं होगा संशोधन

आयोग द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार, ओटीआर नंबर जारी होने के बाद उसमें दर्ज जानकारी में संशोधन की अनुमति नहीं होगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सभी विवरण सावधानीपूर्वक और सही तरीके से भरें।

PET स्कोर की वैधता कितनी होगी?

नई व्यवस्था के अनुसार PET स्कोर तीन वर्ष तक मान्य रहेगा। यदि किसी उम्मीदवार के पास तीन वर्ष की अवधि में एक से अधिक वैध पीईटी स्कोर हैं, तो वह भविष्य की भर्ती में सबसे अधिक पीईटी स्कोर का उपयोग कर सकेगा।

पहले से कई परीक्षाओं में लागू है OTR

हालांकि यूपीएसएसएससी के लिए यह ओटीआर यह नई व्यवस्था है लेकिन यूपीएससी, एसएससी विभिन्न राज्य लोक सेवा आयोग और कई अन्य सरकारी भर्ती बोर्ड पहले से ही वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रणाली का उपयोग कर रहे हैं। इन सभी सरकारी परीक्षाओं में ओटीआर सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

2023 में हुई थी घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2023 में यूपीएसएसएससी में ओटीआर व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई थी। अब आयोग की नई वेबसाइट के शुभारंभ के साथ इस सुविधा को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया में राहत मिलेगी।