महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 28 जून 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन कथित पेपर लीक के कारण परीक्षा को स्थगित करने का ऐलान महाराष्ट्र स्टेट काउंसिल ऑफ एग्जामिनेशन (MSCE) की ओर से कर दिया गया था। उस वक्त काउंसिल ने ये कहा था कि पेपर की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी, लेकिन 2 हफ्ते होने को आए हैं अभी तक एग्जाम की नई डेट का कुछ अता-पता नहीं है। महाराष्ट्र टीईटी एग्जाम में 6 लाख से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने का अनुमान है।
देरी का असर किस पर पड़ेगा?
महाराष्ट्र टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) 2026 की नई एग्जाम डेट रिलीज होने में आ रही देरी की वजह से उन उम्मीदवारों पर असर पड़ रहा है जिन्होंने इस एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। साथ ही इस देरी की वजह से उन सर्विस टीचर्स का भी समय खराब हो रहा है जिन्हें सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तहत अगस्त 2028 तक जरूरी एलिजिबिलिटी टेस्ट पास करना है। जो टीचर्स डेडलाइन के अंदर क्वालिफाई नहीं कर पाएंगे उन्हें कम्पलसरी रिटायरमेंट का सामना करना पड़ सकता है।
डेट को लेकर नहीं है कोई ऑफिशियल अपडेट
महाराष्ट्र स्टेट काउंसिल ऑफ एग्जामिनेशन (MSCE) ने टीईटी का पेपर कैंसिल किए जाने के बाद यह भी कहा था कि जल्द ही नई डेट का भी ऐलान किया जाएगा, लेकिन अभी तक (खबर लिखे तक) कोई अपडेट MSCE की ओर से नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। आधिकारिक वेबसाइट mscepune.in पर एकमात्र अपडेट यही है कि जो कैंडिडेट नई डेट का इंतजार कर रहे हैं वह अफवाहों पर विश्वास न करें। नई डेट जल्द ही सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी।
सर्विसिंग कैंडिडेट को है बेसब्री से इंतजार
बता दें कि इस परीक्षा के लिए 6 लाख से अधिक कैंडिडेट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है जिसमें कई ऐसे शिक्षक हैं जो अभी जॉब कर रहे हैं। यह एग्जाम उनके लिए इसलिए जरूरी है क्योंकि उन्हें टीईटी पास करके अपनी योग्यता को साबित करना है। परीक्षा की नई तारीख जारी होने में हो रही देरी की वजह से उम्मीदवार परेशान हैं।
मुंबई के एक स्कूल के टीचर ने एक्सप्रेस से बातचीत में कहा है, “महाराष्ट्र ने हर साल दो TET आयोजित करना शुरू किया ताकि कैंडिडेट्स को सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन से पहले क्वालिफाई करने के अधिक मौके मिल सकें। अगर पहली परीक्षा में ही देरी होती है तो दूसरी परीक्षा को लेकर भी अनिश्चितता है। आधा साल तो पहले ही बीत चुका है।”
नई डेट जल्द, पैटर्न में हो सकता है बदलाव
MSCE के एक सीनियर अधिकारी ने एक्सप्रेस को बताया है कि राज्य सरकार के फैसला लेने के बाद नया शेड्यूल घोषित किया जाएगा। सरकार ने परीक्षाओं, खासकर TET की सुरक्षा को मजबूत करने के उपायों की सिफारिश करने के लिए एक कमेटी बनाई है। इससे कैंडिडेट्स सोच में पड़ गए हैं कि क्या स्थगित परीक्षा मौजूदा पैटर्न के तहत होगी या कमेटी द्वारा अपनी सिफारिशें जमा करने और बदलाव लागू करने के बाद ही होगी।
एक और टीचर ने कहा है कि अगर अब परीक्षा का पैटर्न बदला जाता है, तो यह उन लोगों के साथ नाइंसाफी होगी जिन्होंने मौजूदा पैटर्न के हिसाब से तैयारी की थी और अगर अगली TET बदले हुए पैटर्न के तहत होती है, तो कैंडिडेट्स को तैयारी के लिए दोनों परीक्षाओं के बीच काफी समय मिलना चाहिए।
