ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल है। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद से तो हालात और खराब हो गए हैं। खाड़ी देशों में रह रहे लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं। युद्ध के हालात के बीच वहां रहकर पढ़ाई कर रहे छात्रों का भविष्य दांव पर लगता दिखाई दे रहा है क्योंकि सोमवार को CBSE बोर्ड ने 2 मार्च को होने वाली परीक्षा को स्थगित किया था तो वहीं उसके बाद केरल सरकार ने भी खाड़ी देशों में इस सप्ताह होने वाली SSLC और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

जल्द नई तारीख होंगी जारी

इन परीक्षाओं के स्थगित किए जाने की जानकारी केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने दी है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहाकि स्टूडेंट्स की सुरक्षा सरकार की पहली चिंता बनी हुई है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, गल्फ सेंटर्स में होने वाली SSLC परीक्षाएं अब बाद में होंगी। इलाके में कई दिनों तक होने वाली हायर सेकेंडरी परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। हालात ठीक होने के बाद नई तारीखों की घोषणा की जाएगी।

मिडिल ईस्ट देशों में CBSE बोर्ड 10वीं-12वीं का 2 मार्च वाला पेपर स्थगित, होली के बाद नई तारीख होगी जारी

केरल में तय समय पर ही होंगी बोर्ड परीक्षा

अधिकारियों ने साफ-साफ कहा है कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित किए जाने का फैसला सिर्फ और सिर्फ खाड़ी देशों के लिए ही लागू होगा। केरल में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा अपने टाइम टेबल के हिसाब से ही होंगी। अधिकारियों ने बताया है कि खाड़ी देशों में संघर्ष से जुड़े डेवलपमेंट और स्टूडेंट्स और परीक्षा लॉजिस्टिक्स पर इसके संभावित असर का आकलन करने के बाद लिया गया।

CBSE बोर्ड ने भी कल स्थगित की थी परीक्षा

इससे पहले सीबीएसई ने सोमवार को खाड़ी देशों में 2 मार्च को होने वाली बोर्ड परीक्षा को स्थगित कर दिया था। बोर्ड की ओर से जारी ऑफिशियल नोटिस में कहा है, “मध्य-पूर्व देशों (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई) में स्थित सीबीएसई से संबद्ध रखने वाले स्कूलों में कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना दी गई है।” इस नोटिफिकेशन के मुताबिक, “02 मार्च 2026 को होने वाली दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।