भारत में साक्षरता दर के मामले में सबसे पहले नंबर पर रहने वाले राज्य केरल में कक्षा 10वीं का सिलेबस 25 प्रतिशत तक कम कर दिया गया है। केरल के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने शनिवार को यह घोषणा की। उनके ऐलान के बाद अगले एकेडमिक ईयर से कक्षा 10वीं का सिलेबस मौजूदा सिलेबस के मुकाबले 25 प्रतिशत कम कर दिया जाएगा। सरकार की ओर से की गई यह घोषणा बच्चों पर बोर्ड एग्जाम के लोड को थोड़ा कम करेगी।
स्टूडेंट्स के हित में लिया गया है यह फैसला- शिक्षा मंत्री
बता दें कि शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने यह ऐलान एक स्टूडेंट मिथुन के परिवार को एक घर की चाबी सौंपने के दौरान किया। मिथुन एक विद्यार्थी था जिसकी पिछले साल थेवलक्करा बॉयज हाई स्कूल में करंट लगने से मौत हो गई थी। शिवनकुट्टी ने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से पढ़ाई का बोझ होने की शिकायतें आती रही हैं इसलिए राज्य सरकार ने यह जरूरी कदम उठाया है।
कंटेंट में नहीं होगा कोई चेंज
शिक्षा मंत्री ने इस दौरान कहा, “अगले साल से 10वीं कक्षा की किताबों में मौजूदा किताबों के मुकाबले सिलेबस को 25 प्रतिशत कम किया जाएगा। करिकुलम कमिटी ने पहले ही इस फैसले को मंजूरी दे दी है।” उन्होंने साफ किया कि किताबों के कंटेंट में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
मिथुन की मौत कैसे हुई थी?
बता दें कि शिक्षा मंत्री वी शिवनकु्ट्टी जिस स्टूडेंट मिथुन के परिवार को घर की चाबी देने गए थे उसकी मौत स्कूल कैंपस के पास गलती से बिजली की लाइन के संपर्क में आने से हुई थी। नए घर की चाबियां सौंपने की रस्म शिवनकुट्टी और केरल के फाइनेंस मिनिस्टर के एन बालगोपाल ने मिलकर की। इससे पहले दिन में शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मिथुन ने अपने परिवार के लिए एक अच्छे घर का सपना देखा था और अपने छोटे से घर की दीवारों पर सपनों का घर भी बनाया था।
