देश में जहां एक तरफ एग्जाम देने के कई महीनों बाद तक स्टूडेंट्स रिजल्ट का इंतजार करते रहते हैं तो वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक की एक यूनिवर्सिटी ने 5 मिनट के अंदर रिजल्ट जारी करके सभी को चौंका दिया है। दरअसल, राज्य की विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (VTU) ने मंगलवार (30 जून 2026) को फाइनल एग्जाम खत्म होने के ठीक पांच मिनट बाद बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) और बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (BTech) के छठे सेमेस्टर की परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। यूनिवर्सिटी ने ऐसा करके एक इतिहास बना दिया।

76.84 फीसदी बच्चे हुए पास

इस यूनिवर्सिटी के रिजल्ट की चर्चा हर तरफ हो रही है। रिजल्ट VTU के वाइस चांसलर प्रोफेसर एस विद्याशंकर और रजिस्ट्रार (इवैल्यूएशन) प्रोफेसर यू जे उज्ज्वल ने मिलकर जारी किए। राज्य भर में कुल 60,856 स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिया था जिसमें से कुल 76.84 प्रतिशत स्टूडेंट्स ने परीक्षा पास भी कर ली।

नीट यूजी फीस रिफंड के लिए बैंक डिटेल अपडेट करने की लास्ट डेट आगे बढ़ी, अब 7 जुलाई तक अप्लाई करें कैंडिडेट

5:30 पर एग्जाम खत्म और 5:35 पर रिजल्ट जारी

जानकारी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी ने फाइनल प्रैक्टिकल एग्जाम मंगलवार शाम 5:30 बजे खत्म हुआ और रिजल्ट 5:35 पर जारी कर दिया गया। 5 मिनट के अंदर रिजल्ट जारी होने का यह रिकॉर्ड यूनिवर्सिटी के इतिहास में पहली बार बना। यूनिवर्सिटी ने यह रिजल्ट पिछले एकेडमिक साल से 21 दिन पहले ही जारी कर दिया।

थ्योरी एग्जाम कब हुए थे?

5 मिनट के अंदर रिजल्ट जारी किए जाने को लेकर यूनिवर्सिटी की ओर से बताया गया है कि इसका सीक्रेट डिजिटल इंटीग्रेशन और शेड्यूलिंग में है। यूनिवर्सिटी ने छठे सेमेस्टर के थ्योरी एग्ज़ाम 18 मई से 17 जून के बीच आयोजित किए थे। 5 मिनट के अंदर जिन एग्जाम का रिजल्ट जारी हुआ है वह प्रैक्टिकल एग्जाम हैं।

VTU अधिकारियों ने बताया कि थ्योरी एग्जाम का इवैल्यूएशन पूरी तरह डिजिटल रूप से किया गया इसलिए सभी थ्योरी पेपर स्कैन किए गए, प्रोफ़ेसरों ने ऑनलाइन इवैल्यूएट किए और उनके मार्क्स कुछ हफ्ते पहले पहले यूनिवर्सिटी के सेंट्रल सॉफ्टवेयर में लॉक कर दिए गए।

प्रैक्टिकल फेज का एग्जाम कब हुआ था?

थ्योरी एग्जाम के बाद प्रैक्टिकल एग्जाम थे, जो 18 जून से 30 जून तक चले। इंटरनल और एक्सटर्नल इनविजिलेटर को निर्देश दिया गया था कि मंगलवार को हर स्टूडेंट के लैब एग्जाम खत्म होने के तुरंत बाद प्रैक्टिकल और वाइवा मार्क्स सीधे सुरक्षित VTU डिजिटल पोर्टल में डालें। जैसे ही घड़ी में शाम के 5.30 बजे, सॉफ्टवेयर ने पहले से मौजूद थ्योरी डेटा को नए सबमिट किए गए प्रैक्टिकल मार्क्स के साथ कम्पाइल किया और पांच मिनट के अंदर फाइनल मार्कशीट अपने आप स्टूडेंट्स के लिए उपलब्ध हो गई।

यूनिवर्सिटी के VC ने क्या कहा?

यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर विद्याशंकर ने कहा है, “स्टूडेंट्स अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार करते हैं, जिसका सीधा असर उनकी हायर एजुकेशन और प्लेसमेंट टाइमलाइन पर पड़ता है। बहुत ध्यान से प्लानिंग और सही डिजिटल तैयारी के साथ हमने यह रिजल्ट तुरंत जारी कर दिया। मैं पूरे VTU एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ, एग्जामिनेशन सेक्शन और हमारे एफिलिएटेड कॉलेज फैकल्टी को बधाई देता हूं जिन्होंने इसे मुमकिन बनाने के लिए बहुत मेहनत की।”