जम्मू और कश्मीर स्टेट बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (JKBOSE) जल्द ही कक्षा 11वीं का विंटर जोन परीक्षा परिणाम जारी करेगा। नवंबर-दिसंबर 2025 सेशन के लिए 19 नवंबर से 13 दिसंबर, 2025 तक आयोजित हुई परीक्षा में जो भी स्टूडेंट शामिल हुए थे वह इन दिनों रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बोर्ड की ओर से परिणाम आधिकारिक वेबसाइट jkbose.nic.in पर जारी किया जाएगा। रिजल्ट जारी होने के बाद स्टूडेंट्स रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर की सहायता से अपना परिणाम चेक कर सकते हैं।
कब आ सकता है रिजल्ट?
लेटेस्ट जानकारी के मुताबिक, जम्मू कश्मीर कक्षा 11वीं का विंटर जोन परीक्षा परिणाम 30 जनवरी से लेकर 4 फरवरी के बीच जारी होने की संभावना है। JKBOSE के एक अधिकारी ने कहा है कि क्लास 11वीं के एग्जाम का रिजल्ट फरवरी के पहले सप्ताह में आने की उम्मीद है।
बोर्ड के चेयरमैन गुलाम हसन शेख ने एक वेबसाइट से बात करते हुए बताया है कि रिजल्ट तैयार करने का काम चल रहा है और पेपरों की चेकिंग लास्ट स्टेज पर है। हमें उम्मीद है कि रिजल्ट 2 फरवरी तक जारी कर दिया जाएगा।
81 हजार से अधिक स्टूडेंट कर रहे रिजल्ट का इंतजार
बता दें कि इन परीक्षाओं में लगभग 81622 स्टूडेंट्स उपस्थित हुए थे। इसमें कश्मीर से 654001 और जम्मू से 17621 ने इन परीक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। JKBOSE के चेयरमैन ने कहा, “अगर सब कुछ ठीक रहा, तो हम फरवरी के पहले हफ्ते में रिजल्ट घोषित कर देंगे।”
रिजल्ट जारी होने के बाद कैसे करें चेक?
जम्मू-कश्मीर बोर्ड कक्षा 11वीं का विंटर जोन परिणाम जारी होने के बाद उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक jkbose.nic.in पर जाएं। वेबसाइट के होम पेज पर ही Result से जुड़ा लिंक मिलेगा उस पर क्लिक करें। अब कक्षा 11वीं के रिजल्ट से जुड़ा लिंक मिलेगा उस पर क्लिक करें। अब रिजल्ट वाली विंडो ओपन होगी वहां अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर डालें। अब रिजल्ट आपकी स्क्रीन पर आ जाएगा। इसका प्रिंट आउट निकाल लें।
