नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन सेशन-2 की नई प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। इससे पहले एनटीए ने रविवार (13 अप्रैल 2026) को एक ऑफिशियल ट्वीट के जरिए 11 अप्रैल को जारी की गई आंसर की पर खेद जताया था और ये कहा था कि अभी जांच की जा रही है जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक कोई उम्मीदवार चैलेंज करने के लिए पेमेंट न करे। अब एनटीए की जांच पूरी हो गई है और आंसर की में बदलाव किया गया है। अपडेटेड आंसर की ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in से डाउनलोड की जा सकती है।
क्या कहा है एनटीए ने?
एनटीए ने अपनी लेटेस्ट सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है, “NTA ने JEE Mains 2026, Session 2 की प्रोविजनल आंसर की का रिव्यू किया है और अब यह jeemain.nta.nic.in पोर्टल पर उपलब्ध है। इसमें केमिस्ट्री 5 अप्रैल S2 भी शामिल है। कैंडिडेट SOP के अनुसार, जरूरत पड़ने पर चैलेंज रूट चेक और इस्तेमाल कर सकते हैं। हुई परेशानी के लिए खेद है।”
केमिस्ट्री पेपर को लेकर गड़बड़ आई थी सामने!
बता दें कि एनटीए ने सबसे पहले 11 अप्रैल 2026 को जेईई मेन सेशन 2 की प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी। प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के साथ ही ऑब्जेक्शन विंडो भी ओपन कर दी गई थी, लेकिन रविवार को एनटीए ने कैंडिडेट्स को आपत्ति दर्ज कराने से रोक दिया और कहा कि जब तक आंसर की का रिव्यू नहीं हो जाए तब तक आपत्ति शुल्क का भुगतान नहीं करें।
एनटीए ने उम्मीदवारों को केमिस्ट्री के पेपर के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने से इनकार किया था और इसलिए किया गया क्योंकि जेईई मेन केमिस्ट्री (5 अप्रैल, S2) के पेपर में विसंगतियों से जुड़ी रिपोर्टें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं और एनटीए ने इसकी जांच शुरू कर दी थी।
13 अप्रैल तक खुली है ऑब्जेक्शन विंडो
अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जो फाइनल प्रोविजनल आंसर की जारी की है उसमें केमिस्ट्री के पेपर से जुड़ी विसंगतियों को की जो चर्चा सामने आई थी उसे रिव्यू कर लिया गया है। सुधार के बाद अपडेटेड आंसर की को अब कैंडिडेट डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही उस पर 13 अप्रैल तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज कराने के लिए उम्मीदवारों को रात 12 बजे तक का मौका मिलेगा। उम्मीदवारों की आपत्तियों की समीक्षा होगी और उसके आधार पर फाइनल आंसर की जारी होगी और उसी के आधार पर रिजल्ट भी तैयार होगा।
